द सीजी न्यूज
दुर्ग/ नये वर्ष की पहली सुबह 60 वार्डो के गली -मोहल्लों में आज स्वच्छता दीदी जब कचरा एकत्र करने सुबह घरों के सामने पहुँची, तब वार्डों के लोगो ने उन्हें फूल देकर सम्मानित किया। नववर्ष की पहली सुबह स्वच्छता दीदीयों को फूल देकर सैकड़ों परिवारों ने सम्मानित किया। शहर के वार्ड पार्षदों और नागरिकों ने शाल, श्रीफल व फूल देकर उनका सम्मान किया। सफाई दीदीयों ने इसके लिए नागरिकों का आभार माना।
इस मौके पर शहर विधायक गजेंद्र यादव, निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर, सभापति राजेश यादव, अब्दुल गनी, दीपक साहू, जयश्री जोशी, मनदीप सिंह भाटिया, नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा, अजीत वैद्य, अरुण सिंह, शिवेंद्र परिहार, बिजेंद्र भारद्वाज, राकेश सेन, काशीराम कोसरे, काशीराम रात्रे, नजहत परवीन, बृजलाल पटेल, मनीष साहू, श्रद्धा सोनी व जनप्रतिनिधियों सहित सहायक अभियंता आरके पलिया, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली व अन्य अधिकारियों ने भी स्वच्छता दीदीयों का सम्मान किया।
विधायक गजेंद्र यादव ने स्वच्छता दीदियों का सम्मान करते हुए कहा कि महामारी के दौरान भी स्वच्छता दीदीयों ने अपना काम किया और शहर को स्वच्छ रखने में अहम भूमिका अदा की। हर मौसम में घरों से निकलने वाले कूड़े कचरे एकत्र कर शहर को क्लीन सिटी बनाने में दीदियों का योगदान है। निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने कहा कि स्वच्छता दीदीयों के बिना स्वच्छता अभियान अधूरा है। वास्तव में स्वच्छता का काम यही लोग करते हैं। ऐसे कर्मियों का सम्मान जरूरी है। स्वच्छता दीदीयों ने शहर की सूरत बदल दी है। ‘स्वच्छता दीदीयां’ कचरे का निस्तारण कर मोहल्ले कालोनी की सड़कों, गलियों और चौक-चौराहों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
