द सीजी न्यूज
दुर्ग/ कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देश पर आज एसडीएम मुकेश रावटे ने दुर्ग के धान खरीदी केंद्र भेड़सर, दमोदा, नगपुरा, सिरसा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त तहसीलदार प्रफुल्ल कुमार गुप्ता, खाद्य निरीक्षक दीपा वर्मा भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने सभी केंद्रों में धान उठाव, भुगतान की स्थिति, स्टॉक सत्यापन, अवितरित धान बोनस आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने समिति प्रबंधक को धान विक्रय कर चुके पंजीकृत किसानों का धान रकबा समर्पण कराए जाने, कोचिया व बिचौलिए से किसी भी स्थिति में धान न खरीदने और अवितरित धान बोनस के वितरण के निर्देश दिए।
एसडीएम मुकेश रावटे ने धान खरीदी केंद्र भेड़सर में रखे धान का भौतिक सत्यापन कराया। भौतिक सत्यापन में धान पतला निर्धारित स्टॉक से 49 कट्टा धान (19.60 क्विंटल) कम मिला। धान की मात्रा में कमी पाए जाने के कारण समिति प्रबंधक तोयज्ज सिंह ठाकुर, सहायक समिति प्रबंधक प्रदीप कुमार, नोडल अधिकारी सुशील चंद्र साहू, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को और धान खरीदी केंद्र दमोड़ा के नोडल अधिकारी चैन सिंह साहू, सहायक अंकेक्षक जंप दुर्ग, नगपुरा के नोडल अधिकारी साजिल कुमार, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को अनुपस्थित पाए जाने व भौतिक सत्यापन न कराए जाने के कारण कारण बताओ नोटिस जारी किया।
भ्रमण के दौरान धान खरीदी केंद्र के अलावा मतदान केंद्र खुरसीडीह, कोटनी के दो मतदान केंद्रों में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के विशेष शिविर का भी अवलोकन किया। उनके द्वारा भराए जा रहे फॉर्म 6, 7, 8 की जांच की गई। एएसडी ( ASD ) सूची के आधार पर मतदाताओं के नाम विलोपन आदि हेतु भराए गए फॉर्म की भी जानकारी ली गई। एएसडी ( ASD ) सूची अनुसार फॉर्म भरवाकर नाम विलोपन कराए जाने की कार्यवाही करने निर्देशित किया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
