- निर्माण कार्यो में लापरवाही बरतने वाले एजेंसी एवं ठेकेदार पर करें कड़ी कार्यवाही -कलेक्टर
- डीएमएफ प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
द सीजी न्यूज
दुर्ग / जिला खनिज संस्थान न्यास अंतर्गत प्रबंधकारिणी समिति की बैठक कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में कलेक्टर ने डीएमएफ मद से स्वीकृत कार्यो की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने खनिज विकास निधि राशि का उपयोग विकास कार्यो में करने कहा। कलेक्टर ने राशि स्वीकृत होने के बाद लंबे समय से अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले के सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिले में प्रगतिरत निर्माण कार्याे और अपूर्ण कार्यो को शीघ्रता से पूर्ण करते हुए निर्माण कार्यो की स्वयं समीक्षा करें। विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यो में लापरवाही बरतने वाले एजेंसी और ठेकेदार पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। डीएमएफ मद से जीर्णोद्धार कार्य जैसे आंगनबाड़ी, इमारत व शौचालय इत्यादि कार्यों की जांच के लिए जिला स्तर पर तकनीकी समिति का गठन कर उक्त कार्यों का निरीक्षण कर अनुशंसा प्राप्त होने के बाद कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने अप्रारंभ कार्यों की सूची तैयार रखते हुए शासन के निर्देशों के तहत कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि डीएमएफ अंतर्गत जो भी कार्य स्वीकृत किए गए हैं, उसमें शासन द्वारा निर्धारित निविदाओं के नियमों का पालन करते हुए कार्य करना है। किसी भी कार्य में नियमों की अनदेखी अथवा लापरवाही पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
सखी वन स्टॉफ सेंटर में नाली निर्माण, आदिम जाति कल्याण विभाग को प्रयास विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, आईटीआई कैम्पस में पेयजल व्यवस्था, जामगांव (आर) में पंचायत भवन के जीर्णोद्धार का कार्य, सेजेस में अन्य निर्माण कार्यो को अतिशीघ्र पूर्ण करने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अश्वनी देवांगन, अपर कलेक्टर अरविंद एक्का, आयुक्त नगर निगम देवेश ध्रुव, आशीष देवांगन, लोकेश चंद्राकर, जिला खनिज संस्थान न्यास के नोडल अधिकारी लोकेश ध्रुव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
