द सीजी न्यूज
महापौर धीरज बाकलीवाल ने आज कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी और एसपी जितेंद्र शुक्ला से सौजन्य भेंट की। मुलाकात के दौरान महापौर ने नगर निगम से जुड़ी समस्याओं को लेकर कलेक्टर से विस्तार से चर्चा की। महापौर ने पटेल चौक, राजेद्र पार्क चौक, मालवीय चौक, मिनीमाता चौक सहित अन्य प्रमुख चौक चौराहों पर हो रही दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कलेक्टर और एसपी से मुलाकात के दौरान पटेल चौक पर हुई दुर्घटना को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कलेक्टर और एसपी से सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने पुख्ता ट्रैफिक प्लान बनाने और इसका प्रभावी क्रियान्वयन करने का आग्रह किया।
महापौर ने कहा कि दुर्ग शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना बेहद जरूरी है। पूर्व में कई बार दुर्ग में भीषण सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी है जिससे जनहानि हो चुकी है। यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए व्यवस्थित ट्रैफिक प्लान बनाना आवश्यक है। महापौर ने कहा कि अनियंत्रित यातायात से होने वाली जनहानि को रोकने के लिए तत्काल ठोस पहल करना जरूरी है।
महापौर ने कलेक्टर से चर्चा के दौरान गंजमंडी कॉम्पलेक्स को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि कॉम्पलेक्स का निर्माण हुए कई साल बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक कॉम्पलेक्स की जमीन नगर निगम को हस्तांतरित नहीं की गई है। इस संबंध में नगर निगम द्वारा जिला प्रशासन को पत्र लिखा जा चुका है और अधिकारियों से पूर्व में विस्तार से चर्चा हो चुकी है।
महापौर ने पोटिया में कचरा निष्पादन कार्य के लिए भूमि आवंटन को लेकर भी कलेक्टर से विस्तार से चर्चा की और भूमि हस्तांतरण शीघ्र करने का आग्रह किया। महापौर ने कहा कि कई साल से नगर निगम का कार्लालय राज्य परिवहन निगम के डिपो की भूमि पर संचालित किया जा रहा है। राज्य परिवहन निगम से पुराने डिपो कार्यालय और भूमि का हस्तांतरण निगम कार्यालय को अभी तक नहीं किया जा सका है।
कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा के बाद उचित पहल करने आश्वस्त किया। कलेक्टर ने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने पूर्व में भी बैठक हो चुकी है। ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। चर्चा के दौरान महापौर धीरज बाकलीवाल के साथ एमआईसी मेंबर अब्दुल गनी, संजय कोहले, भोला महोबिया मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
