Breaking News

मुख्यमंत्री ने बिलासपुर-दिल्ली और बिलासपुर-कोलकाता सीधी हवाई सेवा का वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

  • प्रधानमंत्री का संकल्प है, हवाई चप्पल पहनने वाले भी हवाई यात्रा कर सकें : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
  • आज जगदलपुर से जबलपुर के लिए भी हवाई सेवा की हो रही है शुरूआत
  • हवाई सेवाओं के विस्तार से व्यापार और पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाओं के खुलेंगे द्वार
  • बिलासा देवी केंवट विमानतल बिलासपुर में जल्द शुरू होगी नाईट लैंडिंग की सुविधा

द सीजी न्यूज

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज अपने निवास से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बिलासपुर-दिल्ली व बिलासपुर-कोलकाता सीधी हवाई सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अपने निवास कार्यालय रायपुर से हरी झंडी दिखाकर बिलासा देवी केंवट विमानतल, चकरभाठा से बिलासपुर-दिल्ली और बिलासपुर-कोलकाता सीधी हवाई सेवा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री निवास पर लोकसभा सांसद सुनील सोनी उपस्थित थे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव बिलासा देवी केंवट विमानतल में उपस्थित रहे।   

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी का संकल्प है कि हवाई चप्पल पहनने वाले भी हवाई यात्रा कर सकें। इस उद्देश्य से पूरे देश में हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज न्यायधानी बिलासपुरवासियों की लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी मांग पूरी हो रही है। बिलासपुर से कोलकाता और बिलासपुर से नई दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा प्रारंभ हो रही है।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव बिलासा देवी केंवट विमानतल में इस अवसर पर उपस्थित थे

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हवाई सेवा का लाभ बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने नई हवाई सेवा प्रारंभ करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से बधाई देते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया।

मुख्यमंत्री ने बिलासपुर-दिल्ली और बिलासपुर-कोलकाता सीधी हवाई सेवा का वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज जगदलपुर के लिए भी बड़ी खुशखबरी है, आज जगदलपुर से जबलपुर के लिए भी हवाई सेवा प्रारंभ हो रही है। इस हवाई सेवा का लाभ बस्तर क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। यहां व्यापार और पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग आदि क्षेत्रों में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिलासपुर हवाई अड्डे को अपग्रेड करने का काम चल रहा है। जल्द ही यहां नाइट लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।

बिलासा देवी केंवट विमानतल चकरभाटा बिलासपुर को 3सीव्हीएफआर लायसेंस प्राप्त हुआ है। यहां 72 सीटर प्लेन का संचालन होगा। विमानन विभाग द्वारा इस हवाई अड्डे पर नाईट लैंडिंग की सुविधा के लिए 3सीआईएफआर के लिए आवेदन किया गया है। यह सुविधा भी बिलासपुर विमानतल पर जल्द प्रारंभ होगी। एलायंस एयर द्वारा आज छत्तीसगढ़ में तीन हवाई सेवाएं प्रारंभ की जा रही हैं। इनमें से बिलासपुर से दो हवाई सेवाएं-दिल्ली-बिलासपुर-दिल्ली और कोलकाता-बिलासपुर-कोलकाता तथा जबलपुर-जगदलपुर-जबलपुर।
आज कोलकाता से पहली सीधी उड़ान 8.55 बजे बिलासपुर आकर 9.40 बजे कोलकाता के लिए रवाना हुई। इसी तरह दिल्ली से दूसरी उड़ान 9.30 बजे बिलासपुर आकर 10.10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट चकरभाटा में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बिलासपुर से एक साथ नई दिल्ली और कोलकाता के लिए नियमित विमान सेवा शुरू होना बिलासपुर के विकास के लिए एक बड़ा पड़ाव है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से बिलासपुर से हवाई सेवा प्रारंभ होने की मांग पूरी हुई। विमान सेवा को नियमित रूप से चलने में राज्य सरकार की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही बिलासपुर से हैदराबाद के लिए भी नियमित विमान सेवा शुरू हो जाएगी। कलेक्टर अवनीश शरण ने स्वागत भाषण दिया।

कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, महापौर बिलासपुर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष बिलासपुर अरुण सिंह चौहान, कमिश्नर शिखा राजपूत तिवारी, एसपी रजनेश सिंह, निगम आयुक्त अमित कुमार, निगम में नेता प्रतिपक्ष राजेश सिंह, जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत सहित बड़ी संख्या में यात्री और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री निवास में सचिव विमानन दयानंद पी., संचालक विमानन  नीलम नामदेव एक्का सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

शिक्षा मंत्री से मिले रिकेश : तूफान और खराब मौसम के कारण स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित करने की मांग की

THE CG NEWS भिलाई नगर। जिले में तूफान और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!