द सीजी न्यूज
दिल्ली के रामलीला मैदान में आज इंडिया गठबंधन की ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली में विपक्ष ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। महारैली में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, टीएमसी, एनसीपी, सपा समेत करीब 28 पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। विपक्ष की महारैली में दिल्ली-झारखंड के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी और कांग्रेस के बैंक खाते सीज किए जाने जैसे मुद्दों को उठाया गया। दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा आयोजित ‘इंडिया’ गठबंधन की महारैली के मद्देनजर रामलीला मैदान के हर द्वार पर जांच की व्यवस्था के साथ ही आसपास के इलाके में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की थी।
महारैली में ये शामिल हुए ये नेता
इंडिया गठबंधन की महारैली में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, शरद पवार, उद्धव ठाकरे, चंपई सोरेन, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, भगवंत मान, कल्पना सोरेन, अखिलेश यादव, महबूबा मुफ्ती, आदित्य ठाकरे और ममता बनर्जी के प्रतिनिधि ने हिस्सा लिया। डीएमके के सांसद, फारूख अब्दुल्ला, सीताराम येचुरी सहित लेफ्ट पार्टियों के प्रमुख नेता भी रैली में पहुंचे। रामलीला मैदान में रैली में हजारों की तादाद में कार्यकर्ता पहुंचे।
इंडिया गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने INDIA गठबंधन की पांच मांगें बताईं। पहली मांग – भारत के चुनाव आयोग को लोकसभा चुनाव में समान अवसर सुनिश्चित करना चाहिए। दूसरी मांग – चुनाव आयोग को चुनाव में हेरा-फेरी करने के उद्देश्य से विपक्षी राजनीतिक दलों के खिलाफ IT, ED और CBI द्वारा की जाने वाली कार्रवाई को बलपूर्वक रोकना चाहिए। तीसरी मांग – हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल की तत्काल रिहाई की जाए। चौथी मांग – चुनाव के दौरान विपक्षी दलों का आर्थिक रूप से गला घोटने की जबरन कार्रवाई तुरंत बंद होनी चाहिए। पांचवी मांग – चुनावी बांड का उपयोग करके भाजपा द्वारा बदले की भावना, जबरन वसूली और धनशोधन के आरोपों की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक SIT गठित हो जानी चाहिए।
प्रियंका गांधी ने कहा – सत्ता सदैव नहीं रहती, अहंकार चूर-चूर होता है
महारैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भगवान राम जब सत्य के लिए लड़े तो उनके पास सत्ता नहीं थी, उनके पास संसाधन नहीं थे, उनके पास तो रथ भी नहीं था … संसाधन रावण के पास थे … भगवान राम के पास सत्य, आशा, आस्था , प्रेम, परोपकार, धीरज और साहस था … मैं सत्ता में बैठे हुए अपने प्रधानमंत्री मोदी को याद दिलाना चाहती हूं कि भगवान राम के जीवन का क्या संदेश था। सत्ता सदैव नहीं रहती। सत्ता आती है, जाती है, अहंकार चूर-चूर होता है…
यह देश किसी के बाप की जागीर नहीं – भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आज देश का लोकतंत्र खतरे में है। ये देश किसी के बाप की जागीर नहीं है। ये 140 करोड़ लोगों का देश है। ये (भाजपा) क्या समझते हैं, इसको भी अंदर खत्म कर दो, उसको भी अंदर कर दो, ये नेता फ्रीज कर दो, क्या आप ऐसे जीत जाएंगे ?… हुकूमत वो करते हैं जिनका दिलों पर राज होता है, यूं कहने पर तो मुर्गों के सिर पर भी ताज होता है … मैं नमस्कार करता हूं कि इन्होंने (कल्पना सोरेन और सुनीता सोरेन) इतने दुख झेले, इन्होंने क्या-क्या नहीं देखा… अरविंद केजरीवाल को तो आप गिरफ्तार कर लेंगे, लेकिन आप उनकी सोच को कैसे गिरफ्तार करेंगे?… अरविंद केजरीवाल कोई व्यक्ति नहीं है, अरविंद केजरीवाल सोच का नाम है… ”
खड़गे बोले – यह मंच अनेकता में एकता और विविधता में एकता का मंच
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह मंच अनेकता में एकता और विविधता में एकता का मंच है। आपको तय करना होगा कि आप लोकतंत्र चाहते हैं या तानाशाही … जो लोग तानाशाही का समर्थन करते हैं उन्हें देश से बाहर निकालना होगा … बीजेपी और आरएसएस जहर की तरह हैं।
1 प्रतिशत लोगों के पास हिंदुस्तान का पूरा का पूरा धन : राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, पीएम मोदी का 400 पार का नारा है, वो बिना मैच फिक्सिंग के 180 पार नहीं हो सकता है … कांग्रेस पार्टी विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी है। हमारे सभी बैंक अकाउंट बंद कर दिए गए हैं। चुनाव के बीच में देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के बैंक अकाउंट बंद कर दिए … हमारे सारे संसाधनों को बंद कर दिया गया। ये कैसा चुनाव हो रहा है ?… नेताओं को जेल में डाला जाता है… ये मैच फिक्सिंग करने की कोशिश की जा रही है… ये मैच फिक्सिंग पीएम मोदी और हिंदुस्तान के 3-4 सबसे बड़े अरबपति मिलकर कर रहे हैं… इसका (मैच फिक्सिंग) सिर्फ एक लक्ष्य है। हिंदुस्तान के संविधान को हिंदुस्तान की गरीब जनता के हाथ से छीनने के लिए ये मैच फिक्सिंग की जा रही है… जिस दिन ये संविधान खत्म हो गया, उस दिन ये हिंदुस्तान नहीं बचेगा… ये जो संविधान है हिंदुस्तान की जनता की आवाज है… यही इनका (भाजपा) लक्ष्य है… ये सोचते हैं कि धमकाकर और डराकर पुलिस, CBI, ED, IT के साथ देश चलाया जा सकता है… आप हिंदुस्तान की आवाज को नहीं दबा सकते हो। इस आवाज को कोई नहीं दबा सकता… ये लड़ाई संविधान को बचाने की लड़ाई है…”
समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन जैसे विपक्ष के नेताओं की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है कि वो विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, लेकिन मेरा मानना है कि वो विश्व नहीं ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी है। वो 400 पार का नारा लगा रहे है, लेकिन असल में वो 400 हार रहे हैं… ED, CBI से डराकर सबसे ज्यादा चंदा वसूलने का काम अगर किसी ने किया है तो वो भाजपा ने किया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
