द सीजी न्यूज
फारेस्ट विभाग के अफसरों ने छत्तीसगढ़ में सड़क पार करते बाघ का वीडियो देखने के बाद आसपास के लोगों को अलर्ट किया है। विभागीय अमले द्वारा लगातार गश्त की जा रही है। लोगों को अनावश्यक प्रभावित क्षेत्रों में न जाने की समझाईश दी जा रही है। विभाग की टीम गठित कर ट्रैकिंग की जा रही है।
बलौदाबाजार के डीएफओ ने बताया कि शिक्षक कांशीराम पटेल और सचिव ओमप्रकाश पटेल कार से ग्राम पंचायत बंदोरा जा रहे थे, तब छपोराडीह से सिरपुर मार्ग पर शाम 5 : 45 बजे ग्राम बांसकुण्डा से सिरपुर मार्ग पर एक बाघ को रोड पार करते देखा गया। शिक्षक पटेल द्वारा मोबाईल से विडियो बनाया गया। इसकी जानकारी वन मण्डलाधिकारी महासमुन्द को दी गई।
यह सूचना मिलते ही जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के वन अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा उक्त क्षेत्र की रात्रि गश्त की गई। दूसरे दिन 8 मार्च को रायकेरा और सुकुलबाय के ग्रामीणों ने बाघ देखने की सूचना दी। त्वरित कार्यवाही करते हुए वनमण्डलाधिकारी महासमुन्द की अध्यक्षता और वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार व वन विकास निगम के बारनवापारा परियोजना मण्डल की टीम गठित कर आसपास के इलाकों में बाघ को ट्रेक करने का प्रयास किया गया। इसी दौरान पता चला कि अमलोर, सुकुलबाय में मवेशियों की मृत्यू हुई है और मवेशियों को मारने के तरीके हिंसक वन्यप्राणी तेन्दूआ जैसे थे।
12 मार्च को जिले के अंतर्गत ट्रेकिंग के दौरान बाघ के पंजे के निशान पगडंडी में प्राप्त हुए। 14 मार्च को बलौदाबाजार वनमण्डल के परिक्षेत्र बल्दाकछार के कर्मचारी द्वारा बाघ को प्रत्यक्ष रूप से देखा गया और पुष्टि की गई। इसके बाद विभाग द्वारा NTCA द्वारा जारी SOP/प्रोटोकॉल का पालन कर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।
बलौदाबाजार-भाटापारा और महासमुन्द जिला में वन विकास निगम के परिक्षेत्र खान, बार और सिरपुर परिक्षेत्र का आंशिक भाग है। वन विभाग द्वारा विभागीय अमला/ स्क्वाड /NGO संस्था के माध्यम से लगातार ग्रामीणों को जंगल ना जाने हेतु और बाघ के विचरण के संबंध में सचेत किया जा रहा है। साथ ही साथ विभागीय अमले द्वारा लगातार रात्रि गश्त किया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से वन विकास निगम क्षेत्र के अंतर्गत वनक्षेत्रों में प्रवेश रोकने के लिये अस्थाई बेरियर का निर्माण किया गया है।
परिस्थतियों को ध्यान में रखते हुए बाघ की सुरक्षा हेतु 3 ट्रेकिंग टीम वनमण्डल बलौदाबाजार, वनमण्डल महासमुन्द, वन विकास निगम की गठित कर नोवा नेचर वेलफेयर सोसाइटी रायपुर के एम. सूरज और वसुंधरा सोसाइटी फार कंजर्वेशन आफ नेचर के गौरव निहलानी के सहयोग से लगातार ट्रेकिंग किया जा रहा है। जन-जागरुकता हेतु बलौदाबाजार वनमण्डल द्वारा 7 परिक्षेत्रों की अलग-अलग टीम बना कर दिवसवार रात्रिगश्त करते हुये उपरोक्त ग्रामों में ग्राम प्रमुखों और जनप्रतिनिधियों को सूचना देकर ग्रामीणों को अनावश्क वनक्षेत्र में ना जाने की लगातार समझाईस दिया जा रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
