द सीजी न्यूज
महाराष्ट्र के यवतमाल में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भाषण देते हुए मंच पर अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। मंच पर मौजूद लोगों ने उन्हें उठाया और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले गए। लोकसभा चुनाव को देखते हुए गडकरी यवतमाल के पुसद में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मंच पर बोलने के दौरान ही वे अचानक लड़खड़ा कर गिर गए। वहां आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला।
कई पार्टी कार्यकर्ताओं को नितिन गडकरी के चेहरे पर पानी छिड़कते और उन्हें मंच से दूर ले जाते देखा गया। नागपुर से भाजपा उम्मीदवार गडकरी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना नेता राजश्री पाटिल के लिए प्रचार कर रहे थे, जो यवतमाल-वाशिम लोकसभा सीट से सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के उम्मीदवार हैं।
स्वस्थ होने के बाद गडकरी ने सोशल प्लेटफार्म X पर लिखा – ‘रैली के दौरान गर्मी की वजह से असहज महसूस किया। लेकिन अब पूरी तरह से स्वस्थ हूं। अगली सभा में सम्मिलित होने के लिए वरूड के लिए निकल रहा हूं। आपके स्नेह और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।’
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

