- ओडिशा में धुआंधार चुनाव प्रचार करने के बाद दुर्ग शहर में विकास कार्यों को लेकर एक्टिव हुए विधायक गजेंद्र यादव
द सीजी न्यूज
दुर्ग। नगर निगम क्षेत्र में चल रहे नाला सफाई कार्य का आज विधायक गजेंद्र यादव ने निरीक्षण किया। वार्ड 11, 24 व 26 में चैनमाउंटेन मशीन से हो रही शंकर नाले की सफाई कार्य देखने के बाद निगम अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिये। विधायक ने कहा कि मानसून पूर्व 15 जून तक सफाई का कार्य पूर्ण हो जाना चाहिए।
विधायक गजेंद्र यादव ने डुबान वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर उन क्षेत्रों में सघन स्तर पर सफाई करने कहा। हरनाबांधा के पास नाला संकरा होने के कारण नाले से बहकर आने वाला कचरा फँस जाता है। इसका निराकरण करने नाला की चौड़ाई बढ़ाने निगम के ईई को इस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगम के स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली ने विधायक को बताया कि दुर्ग निगम क्षेत्र के बड़े नालों की सफाई की जा रही है और कुछ नालों की सफाई पूरी हो चुकी है। बड़े नाले की सफाई के लिए चैन माउंटेन और जेसीबी से सफाई कार्य जारी है। स्वच्छता कर्मचारी नाली से सभी प्रकार के कचड़े व मलबे को निकाल रहे हैं। इस दौरान पार्षद नरेश तेजवानी, तपन मलिक, किशोर अहिरवार, सहायक अभियंता संजय ठाकुर, उप अभियंता सुरेश केवलानी, विकास दमाहे उपस्थित रहे।
बिजली बंद की शिकायत पर त्वरित हो निराकरण
आम जनता से भीषण गर्मी में बिजली बंद होने की शिकायत मिलने पर विधायक गजेंद्र यादव ने बिजली कंपनी के अधिकारियों को फोन कर बोरसी, बघेरा, जवाहर नगर और दुर्ग सिटी जोन में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के सभी कार्यपालन यंत्री को बिजली बंद होने की शिकायत पर त्वरित निराकरण करने और 132 केवी ट्रांसमिशन रिले सिस्टम को शीघ्र व्यवस्थित करने निर्देश दिए। निगम क्षेत्र के सभी पोल में लाइट चालू करने निगम अधिकारियो को निर्देश दिए, ताकि रात्रि में आवागमन में नागरिकों को परेशानी न हो। निगम के विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों को पोल में लाइट बंद होने पर शीघ्र लाइट चालू करने की व्यवस्था करने कहा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

