Breaking News

नगरीय निकाय चुनाव : भिलाई में देवेंद्र-रिकेश की प्रतिष्ठा दांव पर

THE CG NEWS

भिलाई। नगरीय निकाय चुनाव की गहमागहमी शुरू हो चुकी है। महापौर और पार्षद चुनाव लड़ने के लिये दावेदार अपनी दावेदारी कर रहे हैं। सबसे दिलचस्प सीन भिलाई नगर निगम का है। भिलाई नगर निगम के अंतर्गत दो विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इसमें से भिलाई टाउनशिप के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और भाजपा विधायक रिकेश सेन हैं। निगम चुनाव में दोनों की प्रतिष्ठा दांव पर है।

विधायक देवेंद्र यादव भिलाई के महापौर रह चुके हैं। इसके बाद दो बार उन्हें विधायक चुना गया। इस लिहाज से भिलाई की राजनीति में देवेंद्र यादव काफी ताकतवर हैं। भिलाई टाउनशिप के साथ-साथ पटरीपार के वैशालीनगर इलाके में भी देवेंद्र की पैठ है।

विधायक रिकेश सेन वैशाली नगर के विधायक हैं। विधायक बनने से पहले नगर निगम भिलाई के नेता प्रतिपक्ष के रूप में काफी चर्चित रहे। विधायक चुने जाने से पहले भी रिकेश का दखल भिलाई टाउनशिप में रहा और बाद में भी रिकेश की सक्रियता गाहे बगाहे टाउनशिप में नजर आती रही है। 

दिलचस्प बात ये है कि कांग्रेस और भाजपा खेमे से यही दोनों सबसे ताकतवर उम्मीदवार माने जा रहे हैं। इनके अलावा कांग्रेस से महापौर नीरज पॉल और भाजपा से नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा की दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है। कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ भिलाई की जनता भी मान चुकी है कि चारों संभावितों में से ही प्रत्याशी का चयन किया जाएगा।

यहां याद रखना होगा कि विधायक रिकेश सेन की पत्नी ऋचा सेन भी दावेदारों में शामिल हैं। विधायक समर्थकों का दावा है कि रिकेश सेन या ऋचा सेन में से ही किसी एक को टिकट दी जाएगी। भाजपा संगठन अगर सेन दंपति के दावे को खारिज करता है तो भोजराज सिन्हा स्वाभाविक रूप से मजबूत दावेदार होंगे। भाजपा सूत्रों के अनुसार पुरुषोत्तम देवांगन सहित अन्य दावेदारों के नामों पर माथापच्ची करने की बजाय संगठन स्तर पर सेन और सिन्हा की दावेदारी पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। हालांकि, रिकेश समर्थक ये दावा भी कर रहे हैं कि रिकेश को “ऊपर से” ग्रीन सिग्नल मिल चुका है।

इधर, कांग्रेस में भी संगठन स्तर पर प्रत्याशी चयन के लिये पूरी सावधानी बरती जा रही है। कांग्रेस की रणनीति यही है कि भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद ही कांग्रेस प्रत्याशी का चयन किया जाए।

अगर भाजपा से रिकेश को प्रत्याशी बनाया जाता है तो कांग्रेस पार्टी देवेंद्र यादव या नीरज पॉल को प्रत्याशी बना सकती है। रिकेश के अलावा किसी अन्य को भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने पर देवेंद्र चुनाव नहीं लड़ेंगे। इस स्थिति में नीरज पॉल को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।

गौरतलब है कि देवेंद्र यादव पहले ही कह चुके हैं कि वे या उनके परिवार का कोई भी सदस्य महापौर का चुनाव नहीं लड़ेगा। लेकिन, कांग्रेस के अंदरखाने में चर्चा चल रही है कि अगर पार्टी हाईकमान ने देवेंद्र को प्रत्याशी घोषित कर दिया तो क्या देवेंद्र अपने स्टैंड पर कायम रहेंगे ?

Check Also

तालाब किनारे अवैध निर्माण : निगम की टीम ने हटाया अतिक्रमण

महापौर अलका बाघमार के निरीक्षण के बाद निगम की कार्रवाई तीन दिवस का नोटिस देने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!