द सीजी न्यूज
भाजपा प्रवक्ता व नगर निगम के पूर्व सभापति दिनेश देवांगन ने कहा है कि दुर्ग-भिलाई शहर में पिछले वर्ष बरसात के दौरान शिवनाथ नदी इंटकवेल में बार-बार कचरा और जलकुंभी फंसने से पानी सप्लाई पर असर पड़ा था। इसके बावजूद जिला प्रशासन या नगर निगम प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया है। इस वर्ष अब बारिश शुरू होने वाली है, लेकिन पुलगांव नाले में पटे पड़े जलकुंभी की न तो सफाई की गई है, न कचरा जाने से रोकने के लिए नाला डायवर्सन कार्य को पूरा किया गया है।
इस साल भी बरसात में शिवनाथ नदी पंप हाउस के साइफन में जलकुंभी व कचरा फंसने के कारण पानी सप्लाई ठप्प हो सकती है। लोगों को पीने के पानी के लिए तरसना पड़ सकता है। दिनेश देवांगन ने निगम प्रशासन पर हमला बोलते हुए कहा है कि नगर निगम में कांग्रेस की परिषद सत्ता में है। निगम के जिम्मेदार अधिकारी अपने मानवीय कर्तव्यों को भूलकर केवल वेतन के लिए नौकरी कर रहे हैं। बारिश पूर्व तैयारियों से जुड़े जलकुंभी सफाई के महत्वपूर्ण कार्य के प्रति उनकी कोई चिंता नहीं रही।
दिनेश देवांगन ने आगे कहा कि पिछले वर्ष बरसात में लोगो को बार-बार पानी सप्लाई में रुकावट आने पर उन्होंने स्वयं इस मामले को उठाया था और पुलगांव नाले का गंदा पानी रोकने बीच में बनाए गए एनीकेट और नाले में भरी जलकुंभी व पानी में जमे कचरा की ओर ध्यान आकृष्ट कराया था। तब निगम के जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे स्वीकारते हुए बाढ़ व बारिश के चलते नाले की सफाई के लिए असमर्थता प्रकट की थी। विगत साढ़े चार वर्ष से नाला डायवर्सन का कार्य चल रहा था, जो विगत कई महीनो से बंद पड़ा है। इस नाला में नदी से महज पचास मीटर की दूरी में एनीकेट बनाकर गंदे पानी का बहाव रोक दिया गया है। इसकी वजह पूरा नाला जलकुंभी व कचरे से पट गया है। बारिश होते ही जलकुंभी और कचरा बहकर दुर्ग व भिलाई के इंटकवेल के सायफन में फंसने लगेगा। इसे बार-बार साफ करना संभव नही होगा और इसके कारण टंकियां भी नही भर पाएगी।
दिनेश देवांगन ने आगे कहा कि नगर निगम में मेयर धीरज बाकलीवाल की कांग्रेस परिषद ने पुलगांव नाले की कभी सफाई नहीं कराई। इस नाले में गंजपारा से लेकर कसारीडीह, बोरसी, पोटिया तक शहर की आधी आबादी के घरों से निकलने वाली निकासी व विभिन्न छोटे बड़े नाला नालियों से होते हुए गंदा पानी पुलगांव नाले में मिलता है, यही पानी शिवनाथ नदी में मिल जाता है। नाला डायवर्सन कार्य पांच साल पहले स्वीकृत होने के बाद भी कांग्रेस की परिषद न तो कार्य पूरा करवा पाई है न निगंम के जिम्मेदार अधिकारी इसकी गंभीरता को समझ पाए हैं। इसके कारण इस साल भी पिछले वर्ष की स्थिति निर्मित हो सकती है। इसका खामियाजा केवल जनता को भुगतना पड़ेगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
