द सीजी न्यूज
दुर्ग/ सम्पूर्ण प्रदेश की जनता आनलाइन ठगी का शिकार आए दिन हो रही है। इसे देखते हुए दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन को पत्राचार व फोन के माध्यम से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। ललित ने कहा है कि संपूर्ण राज्य की जनता ऑनलाइन ठगी का शिकार हो रही है। सख़्त क़ानून न होने के कारण ठग आसानी से बच जाते हैं और न्यायालय से भी छूट जाते हैं। अ़ॉनलाइन ठगी करने वालों को सख्त दण्ड देने और गैर ज़मानती अपराध की श्रेणी में रखने के साथ ही साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रकरणों की सुनवाई फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से करने की मांग की है।
ललित ने कहा कि ऑनलाइन ठगी करने वालों के लिए नए कानून का प्रवधान किया जाना चाहिए, जो जनहित व राज्य हित में आवश्यक है। लगातार साइबर ठगों द्वारा शेयर मार्केट ट्रेडिंग (Share Market Trading) का झांसा देकर करोड़ों रुपए की ठगी की जा रही है। शेयर ट्रेडिंग के माध्यम से अंतर्राज्यीय ठग गिरोह सक्रिय होकर फर्जी इन्वेस्टमेंट में लुभावने प्रॉफिट का लालच देकर इन्वेस्ट कराते हैं। झूठ बोलकर लोक लुभावने आफ़र देकर जनता को लूटने का काम किया जा रहा है।
विधायक ललित चंद्राकर ने किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई लिंक या apk फाईल को डाउनलोड न करने और टास्क बेस वर्क के नाम से इन्वेस्टमेंट कर लुभावने ऑफर्स या प्रॉफिट का लालच देने पर विश्वसनीयता की जांच किए बिना पैसे न देने की अपील की है। सावधानी न बरतने पर ऑनलाइन ठगी का शिकार हो सकते हैं। ललित ने इस तरह की घटना की सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाने पर देने या क्राइम ब्रांच पुलिस द्वारा संचालित सायबर टीम को तत्काल सूचना देने का अनुरोध आम जनता से किया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
