द सीजी न्यूज
फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा निर्मित फिल्म इमरजेंसी में सिख समाज के बारे में दी गई गलत जानकारियों, घटनाओं, सिख समाज को आतंकवादी बताए जाने और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के सीन के साथ-साथ फिल्म अभिनेत्री व सांसद कंगना रनौत के बयानों पर छत्तीसगढ़ में सिख समाज ने नाराजगी जताई है। सिख समाज इसके लिए आंदोलन की तैयारी कर रहा है। राजधानी रायपुर के गुरु तेग बहादुर हॉल में सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों व सिक्ख समाज की संस्थाओं सहित समाज के प्रमख व्यक्तियों की उपस्थिति में आज इस मुद्दे पर चर्चा की गई।
सिक्ख समाज द्वारा छत्तीसगढ़ में फिल्म अभिनेत्री व सांसद कंगना रनौत के बयानों और उनके द्वारा निर्मित फिल्म इमरजेंसी को लेकर रोष जताते हुए फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में सिख समाज के समस्तजनों ने एक मत से कंगना रनौत की फिल्म इमरजेंसी के प्रसारण पर रोक लगाने और फिल्म का प्रदर्शन न होने देने का निर्णय लिया है। प्रदेश के राज्यपाल व मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपकर प्रदेश में कंगना रनौत की फिल्म इमरजेंसी को प्रतिबंधित करने की मांग की जाएगी।
कंगना रनौत के बयानों और फिल्म इमरजेंसी में सिख समाज के बारे में दिखाई जाने वाली घटनाओं से नाराज पूरे देश के सिख समाज द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। सिखों की सबसे बड़ी संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा भी इस बाबत फिल्म सेंसर बोर्ड को पत्र लिखा गया है। कोर्ट में याचिका भी दायर की गई है। छत्तीसगढ़ में भी सिख समाज एकजुट होकर कंगना रनौत व फिल्म इमरजेंसी का विरोध प्रदर्शन करेगा।
आज सिख समाज की बैठक में प्रमुख रूप से सरदार गुरमीत सिंह सैनी, जसपाल सिंह साहनी, गुलबीर सिंह भाटिया, डॉ. टुटेजा, राजवंत सिंह गारेवाल, सुखबीर सिंघोत्रा, सुरेंद्र सिंह, त्रिलोचन सिंह काले, जगजीत सिंह, अमर सिंह वाधवा, बलविंदर सिंह चंडोक, राजू गुंबर, भूपेंद्र सिंह, मोनू सिंह सलूजा, रवितेज सिंह घेई सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


