द सीजी न्यूज
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास और मुख्यधारा से जोड़ने की पहल को मजबूती देते हुए आज सुकमा पुनर्वास केंद्र में 25 आत्मसमर्पित माओवादियों को उच्च गुणवत्तापूर्ण 5G स्मार्टफोन प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वितरण किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव और पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

25 पुनर्वासित युवाओं को स्मार्टफोन वितरित
22 नवम्बर को सुकमा प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पुनर्वास केंद्र में रह रहे सभी युवाओं को आधुनिक 5G मोबाइल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे, ताकि वे तकनीकी रूप से सशक्त बन सकें और समाज की मुख्यधारा में आसानी से जुड़ सकें। आज 25 पुनर्वासित युवाओं को सैमसंग गैलेक्सी M06 5G स्मार्टफोन वितरित किए गए। इन मोबाइलों में 50 मेगापिक्सल डुअल कैमरा और 5000 mAh की फास्ट-चार्जिंग बैटरी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
कौशल विकास से आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी
यह पहल नक्सल उन्मूलन अभियान में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इसका उद्देश्य आत्मसमर्पित व्यक्तियों को समाज से जोड़ने के साथ उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना है। 5G स्मार्टफोन मिलने से अब ये युवा ऑनलाइन शिक्षा, कौशल विकास कार्यक्रम, सरकारी योजनाओं की जानकारी और आधुनिक कृषि व छोटे व्यवसायों से संबंधित प्रशिक्षण आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इससे उनके पुनर्वास की प्रक्रिया और मजबूत होगी तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।
पुनर्वासित युवाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा
जिला प्रशासन ने बताया कि पुनर्वास केंद्र में शेष लाभार्थियों को भी शीघ्र ही 5G स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जाएंगे। यह कदम न केवल बेहतर संचार सुविधा उपलब्ध कराएगा, बल्कि पुनर्वासित युवाओं को शिक्षा, रोजगार और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
