द सीजी न्यूज
दुर्ग। सीएफए (चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट) में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर एक होटल में छात्रा के साथ रेप किया गया। आरोपी ने अश्लील वीडियो भी बना लिया। इसके बाद ब्लैकमेल कर साढ़े 9 लाख रुपए ऐंठ लिए। छात्रा को प्रोग्राम में एडमिशन फार्म भरने के लिये होटल में बुलाया गया था। इसके बाद वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देते हुए कई बार होटल में बुलाकर रेप किया गया।
आरोपी दीपक ठाकुर (25) निवासी भिलाई ने अपने कथित हाई-प्रोफाइल कनेक्शन का झांसा देकर जामुल निवासी रेप पीडि़ता के साथ होटल में बार-बार शारीरिक संबंध बनाया। छात्रा ने 16 दिसबंर को स्मृति नगर चौकी में दीपक ठाकुर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पीडि़ता ने बताया कि वह भिलाई के एक कॉलेज से सीए की पढ़ाई कर रही है। सेमेस्टर परीक्षा के दौरान उसकी मुलाकात एक युवती से हुई।
इस दौरान युवती ने पीडि़ता को अपने मुंहबोले भाई दीपक ठाकुर से मिलवाया। युवती ने भरोसा दिलाया कि दीपक ठाकुर की पहचान नया रायपुर स्थित कलिंगा विश्वविद्यालय में है। सीए कोर्स में आसानी से एडमिशन हो जाएगा। कोर्स पूरा करने के बाद बड़ी कंपनियों में अच्छी नौकरी मिलती है। इसके बाद पीडि़ता की आरोपी से मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई। 9 अगस्त 2025 को दीपक ठाकुर ने उसे फोन कर भिलाई के होटल लैंडमार्क में फॉर्म भरने के बहाने बुलाया।
दीपक ठाकुर ने होटल में जबरन रेप किया और अश्लील वीडियो भी बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को डराते हुए चुप रहने के लिए मजबूर किया। पीडि़ता ने बताया कि आरोपी ने 1 नवंबर 2025 को फिर से होटल लैंडमार्क बुलाया। दोबारा उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाया। सीए कोर्स में एडमिशन दिलाने के नाम पर बड़ी रकम की मांग की।
आरोपी की धमकियों से डरकर उसने 7 लाख 50 हजार रुपए कैश दिए। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 2 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिया। कुल 9 लाख 50 हजार रुपए की वसूली की। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीडि़ता ने स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई। सुपेला पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जुर्म कबूल करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है। पुलिस ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal