द सीजी न्यूज
दुर्ग। शहर के तालाबों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम दुर्ग द्वारा विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। निगम कमिश्नर सुमित अग्रवाल के निर्देश पर पॉन्ड क्लीनर मशीन का उपयोग कर वार्ड 39 में स्थित डिपरापारा तालाब के अलावा हरना बांधा तालाब और पोटिया तालाब सहित शहर के अन्य तालाबों की सफाई की गई है। पॉड क्लीनर मशीन से जलकुंभी, गाद व कचरा हटाया जा रहा है।
निगम प्रशासन ने तालाबों के आसपास अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है। ताकि, तालाबों का प्राकृतिक स्वरूप सुरक्षित रह सके। तालाबों की स्वच्छता को बेहतर बनाने और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने निगम आयुक्त खुद नियमित निरीक्षण कर रहे हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
वार्ड 39 में स्थित डिपरापारा तालाब नगर निगम के शासकीय तालाबों की सूची में शामिल नहीं है। यह निजी स्वामित्व का तालाब है। तालाब में अत्यधिक गंदगी की शिकायत मिलने पर नगर निगम दुर्ग की टीम ने तत्काल कार्रवाई की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगम की पॉन्ड क्लीनर मशीन को तुरंत शिफ्ट कर सफाई कार्य प्रारंभ कर दिया गया। निजी तालाब के स्वामी को नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
