द सीजी न्यूज
दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आदर्श नगर, उतई निवासी और प्रतिभावान खिलाड़ी चेतना साहू ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बॉल बैडमिंटन में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। चेतना की इस शानदार उपलब्धि पर विधायक ललित चंद्राकर ने बधाई और शुभकामनाएं दी है। चेतना साहू ने आज दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर से सौजन्य मुलाकात की।
पटना में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, भूटान और श्रीलंका की टीमों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम को स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ।
स्वर्ण पदक विजेता चेतना साहू उतई निवासी भुनेश्वर साहू की सुपुत्री हैं। चेतना वर्तमान में शासकीय दानवीर कॉलेज, उतई में द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं। चेतना का चयन भिलाई-3 स्थित ग्राउंड में हुए कड़े ट्रायल्स के माध्यम से हुआ था। अपनी कॉलेज की पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने यह अंतर्राष्ट्रीय मुकाम हासिल किया है।
चेतना की इस सफलता पर विधायक ललित चंद्राकर ने उनकी खेल प्रतिभा की सराहना की। चेतना को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद देते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं अब अंतर्राष्ट्रीय पटल पर अपनी पहचान बना रही हैं। यह हम सब के लिए गर्व का विषय है। इस अवसर पर महामंत्री चंदू देवांगन, प्रवीण यदु, पूर्व मंडल अध्यक्ष फत्ते लाल वर्मा, सांसद प्रतिनिधि ममता चंद्राकर, धनश्याम चंद्राकर, सोसाइटी अध्यक्ष फलेंद्र राजपूत, युवा नेता शुभम वर्मा उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
