- डेढ़ करोड़ की लागत से विकास कार्यों का भूमिपूजन
द सीजी न्यूज
दुर्ग / वार्ड क्रमांक 44 में आज विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने वार्ड में प्रस्तावित सड़क निर्माण व सामुदायिक भवन सहित अन्य कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में कुल ₹115.76 लाख की लागत से तीन प्रमुख डामरीकरण सड़क निर्माण कार्यों की भूमिपूजन किया गया। इनमें ईरानी डेरा से महाराजा चौक तक 1.88 किलोमीटर, दुर्ग टेम्पो स्टैंड से पोटिया रोड तक 3 किलोमीटर और पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में 1.20 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा वार्ड में ₹19.30 लाख की लागत से सतनाम भवन और ₹9.94 लाख की लागत से सतनाम भवन में अहाता निर्माण का भी भूमिपूजन किया गया। नागरिकों की लंबे समय से प्रतीक्षित मांग सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि “सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक सुविधाएं किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की नींव होती हैं। दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्य इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार जनता की जरूरतों को समझते हुए योजनाओं को धरातल पर उतार रही है।”
उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में भी दुर्ग क्षेत्र में विकास की गति निरंतर बनी रहेगी और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर नागरिक तक पहुंचेगा। कार्यक्रम में महापौर अलका बाघमार, सभापति श्याम शर्मा, वार्ड पार्षद मनीष कोठारी, महापौर परिषद के सदस्य, अन्य पार्षद, मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा की टीम सहित बड़ी संख्या में वार्ड के नागरिक उपस्थित रहे।
करहीडीह क्षेत्र की समस्याएं जानने के बाद अफसरों को दिये निर्देश
केबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने आज वार्ड 15 करहीडीह क्षेत्र का भ्रमण कर नागरिकों की समस्याओं की जानकारी ली। संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित निराकरण करने आवश्यक निर्देश दिए।
मॉर्निंग विजिट के दौरान गजेंद्र ने करहीडीह स्थित शासकीय स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। बच्चों से संवाद करते हुए शैक्षणिक, पोषण व मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर पोषण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने शिक्षकों को निर्देश दिए। गजेंद्र ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि शिक्षा की नींव मजबूत हो और हर बच्चे को समान अवसर मिले।
वार्ड के नागरिकों ने वार्ड में डोमशेड, सड़क सीमेंटीकरण, नाली, शेड निर्माण सहित विभिन्न मूलभूत आवश्यकताओं की जानकारी दी। मंत्री गजेन्द्र यादव ने नागरिकों के सभी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ आवश्यक कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
