द सीजी न्यूज
भिलाई। औद्योगिक क्षेत्र हथखोज में सिसकोल कंपनी के प्लांट में शनिवार को सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। हादसे में क्रेन ऑपरेट कर रहे एक मजदूर लेखू राम कौशल (35 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। लेखूराम कौशल सुबह अपनी नियमित ड्यूटी पर कार्यरत था। ओवरहेड क्रेन की मदद से लोहे के भारी प्लेट को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ट्रांसफर कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगडऩे से लोहे की प्लेट स्लिप हो गई और सीधे लेखूराम के ऊपर गिर गई।
प्लेट के भारी वजन के कारण उसे गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर घटना के बारे में मौके पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की है। हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही या तकनीकी खामी के कारण यह हादसा हुआ। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। भिलाई-3 पुलिस ने बताया कि प्लांट में हादसे की सूचना सुबह मिली थी। इसके बाद पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंच कर जांच की जा रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal