चैनल 9 . लाइफ
भिलाई। बीमा राशि पाने के लालच में सराफा कारोबारी ने फर्जी लूट की साजिश रची। कुगदा निवासी नितेश देवांगन ने 5 फरवरी को थाने में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि अज्ञात बदमाशों ने उनकी ज्वेलरी और नगद रकम लूटी थी। पुलिस की जांच पड़ताल में शिकायत झूठी निकली।
कुम्हारी थाना की पुलिस ने 24 घंटे के अंदर कारोबारी नितेश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। मामले का खुलासा करते हुए कहा कि आरोपी ने बीमा और मुआवजे की राशि पाने के लालच में लूट की प्लानिंग की थी। आरोपी के कब्जे से 3 तोला सोना बरामद किया गया है।
सराफा कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की थी कि ज्वेलरी खरीदकर लौटते समय कुगदा रोड स्थित सार्थक होम के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार दिखाकर उससे सोने की ज्वेलरी और नगद रकम लूट ली। सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। प्रार्थी द्वारा बताए गए हुलिए या किसी संदिग्ध गतिविधि का फुटेज नहीं मिला। पुलिस ने नितेश देवांगन से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने स्वीकार किया कि व्यापार में हुए नुकसान की भरपाई के लिए बीमा और मुआवजा राशि पाने के लिये लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी। उसने कबूल किया कि लूटी गई ज्वेलरी दुकान में ही छिपाकर रखी गई थी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दुकान से लगभग 30 ग्राम सोने की ज्वेलरी बरामद की, जिसमें 7 जोड़ी टाप्स और 5 जोड़ी बाली शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी नितेश देवांगन के खिलाफ लोक सेवक को जानबूझकर झूठी सूचना देने का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal