THE CG NEWS
दुर्ग। बीते दो दिनों से दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच आज मंत्री व दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव बारिश प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और प्रभावित परिवारजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। कई परिवार को बारिश के कारण भोजन की समस्या की जानकारी मिलने पर भोजन पैकेट वितरण किया गया।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने शाम को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को भोजन पैकेट वितरित किया। उन्होंने परिवारजनों से संवाद करते हुए उनकी परेशानियों को सुना और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मंत्री यादव ने कहा कि लगातार बारिश के कारण प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए शासन-प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की टीम के साथ लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार भोजन, सुरक्षित ठहरने सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि, प्रशासन और कार्यकर्ताओं की टीम मिलकर प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का कार्य कर रही है। जिन क्षेत्रों में भी आवश्यकता सामने आ रही है, वहां तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि संकट की इस घड़ी में दुर्ग विधानसभा के हर परिवार के साथ खड़ा हूं। प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं को पूरा करने और उन्हें राहत पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों व मैदानी अमले से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की लगातार जानकारी लेते रहने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण किसी भी परिवार को परेशानी न हो, इसके लिए सभी स्तरों पर समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

