Breaking News

सामान्य सभा में सत्तापक्ष-विपक्ष के पार्षद बोले – शहर की व्यवस्था बदहाल … वार्ड की जनता से मुंह छिपाना पड़ रहा है …

  • महापौर अलका वाघमार सहित एमआईसी सदस्यों को घेरते रहे पार्षद
  • कमीशनखोरी, जलसंकट, चौपट सफाई व्यवस्था और विकास कार्य न कराने के आरोप 

THE CG NEWS

दुर्ग। नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक में भाजपा पार्षद दल में मची खींचतान और गुटीय फूट के नजारे एक बार फिर नजर आए। सभा शुरू होते ही विपक्षी पार्षदों के साथ सत्तापक्ष भाजपा के पार्षदों ने महापौर अलका वाघमार को जमकर घेरा। पार्षदों ने शहर की चौपट प्रकाश व्यवस्था, पानी सप्लाई में बार बार रुकावट आने, सड़कों पर गड्‌ढे और सफाई व्यवस्था को लेकर कड़े प्रहार किये गए।

सत्तापक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने यहां तक कह दिया कि दुर्ग नगर निगम के हालात इतने बदहाल हैं कि पार्षदों को वार्ड में मुंह छिपाना पड़ रहा है। नागरिक वार्ड की बदहाल प्रकाश व्यवस्था को लेकर सवाल कर रहे हैं। नई परिषद का गठन होने के बाद से पानी सप्लाई व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। वार्डों में विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं। 

कई पार्षदों ने पीड़ा बयान करते हुए कहा कि वार्ड में चेहरे पर गमछा डालकर बाहर निकलना पड़ता है। पब्लिक विकास कार्य न होेने, प्रकाश व्यवस्था, सफाई व्यवस्था और पानी सप्लाई व्यवस्था के लिये उन्हें कोस रही है।  

सभा प्रारंभ होते ही जैसे ही नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले ने वक्तव्य देना शुरू किया, पद्मनाभपुर वार्ड के भाजपा पार्षद संजय अग्रवाल ने महापौर को घेरने का सिलसिला शुरू कर दिया। संजय ने कहा कि महापौर ने आश्वासन दिया था कि हर दो माह में सामान्य सभा बुलाई जाएगी। लेकिन, यह आश्वासन पूरा नहीं हुआ। शहर की व्यवस्था बदहाल हो चुकी है।

निगम सभापति श्याम शर्मा ने कई बार संजय अग्रवाल को समझाने का प्रयास किया लेकिन अग्रवाल महापौर से जवाब देने की मांग पर अड़े रहे। इसी दौरान सदन में भाजपा पार्षद कुलेश्वर साहू सहित पक्ष-विपक्ष के कई पार्षदों ने शहर की बदहाल व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि सामान्य सभा पहले ही बुलाई जानी चाहिये। बार-बार जलसंकट, चौपट सफाई व्यवस्था और एसएलआरएम सेंटर की बदतर स्थिति के साथ ही वार्डों में विकास कार्य न होने के तीखे आरोप लगाए गए।

सदन के शुरुआती दो घंटे तीखे आरोप-प्रत्यारोप में ही बीत गए। इस दौरान कई भाजपा पार्षदों ने नगर निगम में अलग- अलग विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोप लगाए। कांग्रेस पार्षद दल से नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले के अलावा विजयंत पटेल, भास्कर कुंडले, मनीष बघेल, पायल पाटिल विभिन्न मुद्दों पर मुखर रहे।

इन पंक्तियों के लिखे जाने तक सदन में चर्चा जारी है …

Check Also

भिलाई निगम में पेवर ब्लॉक घोटाला : 8 इंजीनियर दोषी करार : विधायक रिकेश ने की बर्खास्तगी की मांग

THE CG NEWS ​भिलाई नगर। नगर निगम भिलाई में सरकारी राशि के दुरुपयोग का एक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!