THE CG NEWS
दुर्ग, जनजातीय गौरव, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान देने जिले में 16 नवंबर को जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन सांसद विजय बघेल के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। कार्यक्रम महात्मा गांधी कला मंदिर ऑडिटोरियम, सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रम का सफल व सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर सिंह ने अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह को सम्पूर्ण कार्यक्रम का नोडल अधिकारी और डिप्टी कलेक्टर प्रफुल्ल कुमार गुप्ता व सहायक आयुक्त आदिवासी विकास अविनाश श्रीवास को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
स्वास्थ्य विभाग कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सा व्यवस्था के साथ जिला स्तर, विकासखण्ड स्तर, प्रयास विद्यालय, विज्ञान विकास केन्द्र व छात्रावासों/प्रमुख स्थानों पर निःशुल्क स्वास्थ्य व सिकलसेल जांच शिविर आयोजित करने के साथ ही अनुसूचित जनजाति के हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरण करेगा।
आदिवासी विकास विभाग द्वारा छात्रावासों, आवासीय विद्यालयों में साफ सफाई, वृक्षारोपण एवं चित्रकला और जनजातीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था की जाएगी। शिक्षा विभाग द्वारा प्रतिभावान बच्चों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, निबंध लेखन, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
