द सीजी न्यूज डॉट कॉम
बेमेतरा। गर्मियों के मौसम में लू लगने से बीमार होने के अनेक मामले आते हैं। कुछ जरूरी सावधानियां अपनाकर इससे बचा जा सकता है। तेज धूप और गर्मी के कारण लू लगने की संभावना रहती है। लू लगने का प्रमुख कारण शरीर में नमक और पानी की कमी होना है। पसीने के रूप में शरीर से नमक और पानी का बड़ा हिस्सा शरीर से बाहर निकल जाता है और खून में गर्मी बढ़ जाती है। लू लगना खतरनाक और जानलेवा भी हो सकता है। बहुत तेज बुखार आना, सिर भारी लगना, शरीर से पसीना न निकलना, उल्टी होना, हाथ-पैर में दर्द होना, त्वचा का सूखा, गर्म व लाल होना, चक्कर और बेहोशी आना इसके लक्षण हैं।
गर्मियों में पानी और अन्य तरल पदार्थों का अधिक से अधिक सेवन करें। सफेद या हल्के रंग का सूती का कपड़ा पहनें। धूप के चश्मे, टोपी और छाता का प्रयोग करें। धूप में बाहर निकलने से बचें। अगर धूप में निकलना जरूरी हो तो खाली पेट घर से बाहर न निकलें। गर्मी के दिनों में शीघ्र पचने वाला भोजन करना चाहिए। दिन में बार-बार पानी का सेवन करना चाहिए। नाक व कान को ढंककर बाहर निकलें। मौसमी फलों जैसे तरबूज़, अंगूर, खरबूज़ा इत्यादि का सेवन भी लू से बचाव में लाभदायक रहता है। लू के लक्षण होने पर तुरंत अपने नज़दीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र जाएं या मितानिन से संपर्क करें।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
