
- संसाधनों की कमी नहीं होने देंगे, दृढ़ इच्छाशक्ति से करें मुकाबला – भूपेश बघेल
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
कोरोना महामारी की शुरुआत से अब तक कोरोना नियंत्रण के विभिन्न उपायों के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने विभिन्न मदों से 853करोड़ रुपए से अधिक राशि का आवंटन किया जा चुका है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रशासनिक अमले से अपील की है कि वे दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ पीड़ित मानवता की सेवा करे। शासन -प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ संसाधनों की व्यवस्था और मानीटरिंग करेंगे। किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।
विगत एक वर्ष में कोरोना से निपटने के लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष से सभी 28 जिलों को 73.53 करोड़ रुपए आवंटित किए गये हैं। इसके अलावा 300 करोड़ रु.जांच, दवा और अन्य उपभोग्य सामग्रियों के लिए, 192करोड़ रुपए स्टेट डिजास्टर रिलीफ़ फंड, 185 करोड़ रुपए नाबार्ड सहायता, 25करोड़ रुपए लोक निर्माण विभाग, 78 करोड़ रुपए केंद्र-राज्य शामिलाती सहायता के शामिल हैं। इस प्रकार जांच से लेकर कोविड अस्पतालों के विकास तक मरीजों की देखभाल, दवा, पोषण से लेकर मैदानी व्यवस्थाओं तक सभी कार्यों के लिए आर्थिक सहायता दी गई है।
मुख्यमंत्री ने मुख्यसचिव व अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) को निर्देश दिए हैं कि वे निरंतर मॉनीटरिंग करें। नियंत्रण और राहत के उपाय युद्ध स्तर पर सुनिश्चित किए जाएं। मैदानी स्तर पर पूर्ण सख्ती हो लेकिन जनता को सहानुभूति, सद्व्यवहार और सहयोग के साथ ही परिस्थितियों का सामना करने को तैयार किया जाए। सतत जनजागरण से संक्रमण की रोकथाम की जाए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal