Breaking News

बढ़ती महंगाई पर मुखर हुए विधायक वोरा : छत्तीसगढ़ के जनहित मॉडल से प्रेरणा ले केंद्र सरकार

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने बढ़ती महंगाई के लिए केंद्र सरकार की नीतियों को जिम्मेदार माना है। वोरा ने प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेन्द्र साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल कोसरे और भिलाई शहर अध्यक्ष तुलसी साहू सहित दुर्ग शहर के पांच ब्लॉक अध्यक्षों के साथ संयुक्त रूप से बयान जारी कर कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार जनभावनाओं पर खरा उतरने में पूरी तरह से विफल रही है।

वोरा ने कहा कि कोरोना महामारी के बीच आसमान छूती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीज़ल के दाम कई राज्यों में 100 रुपए पार हो चुके हैं। दैनिक जरूरत की वस्तुएं, घरेलू गैस सिलेंडर, खाद्य तेल के दाम पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हैं। देश की अर्थव्यवस्था अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है, लेकिन केंद्र सरकार 20 हजार करोड़ के सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट बनाने में मस्त है।

वोरा ने सवाल किया कि जब राशन का सामान, सब्ज़ियां, दाल, गैस सिलेंडर सहित सभी चीज़ें मंहगी हो रही हैं, तब लोग खाएंगे क्या? मोदी सरकार ने अच्छे दिन का सपना दिखाकर केंद्र में सरकार बनाई, लेकिन केंद्र सरकार की गलत नीतियों के चलते देश की आर्थिक स्थिति गर्त में चली गई है। देश की जनता महंगाई की मार झेल रही है। महीनों से किसान आंदोलनरत हैं। हजारों लोगों की नौकरियां जा रही हैं। मध्यम वर्ग परेशान है लेकिन भाजपा सरकार महंगाई और महामारी को छोड़ कर विपक्ष से लड़ रही है।

वोरा ने कहा कि कोविड 19 की वैक्सीन उपलब्ध कराने में केंद्र सरकार की विफलता जगजाहिर है। कोरोना वैक्सीन में 5 प्रतिशत जीएसटी लगाया जा रहा है। राज्यों को जानबूझकर अधिक कीमत पर टीके खरीदने मजबूर किया जा रहा है। आपदा को अवसर बनाने वाली केंद्र सरकार का चाल, चरित्र और चेहरा जनता के सामने उजागर हो चुका है। वोरा ने कहा कि केंद्र सरकार को छत्तीसगढ़ सरकार के जनहितैषी विकास मॉडल से प्रेरणा लेनी चाहिए, जहां किसान, मजदूर, मध्य वर्ग खुशहाल है।

Check Also

टाउनशिपवासी बोले – डॉयलागबाजी की बजाय केंद्रीय इस्पात मंत्री या बीएसपी प्रबंधन से करें सार्थक चर्चा करें … बलिदान देने की बयानबाजी बेतुकी …

द सीजी न्यूज लीज, रिटेंशन और लाइसेंसधारकों को बीएसपी प्रबंधन की नोटिस मिलने के मुद्दे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!