
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
बारिश के दिनों में अक्सर आकाशीय बिजली (गाज) गिरने की घटनाएं होती हैं। इससे बचाव के लिए सावधानी बरतना जरूरी है। प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा वज्रपात, आकाशीय बिजली से बचने के लिए आम नागरिकों से सावधानियां बरतने की अपील की गई है।
ये सावधानी बरतें …
- अगर आप घर में हैं तो पानी का नल, फ्रिज, टेलीफोन आदि को न छुएं और उससे दूर रहें। बिजली से चलने वाले यंत्रों, उपकरणों को बंद कर दें।
- अगर दो पहिया वाहन, साईकिल, ट्रक, खुले वाहन नौका आदि पर सवार हों तो तुरंत उतरकर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
- वज्रपात, आकाशीय बिजली गिरने के दौरान वाहनों पर सवारी न करें।
- धातु की डंडी वाले छाते का उपयोग न करें।
- टेलीफोन व बिजली के पोल/खम्भे और टेलीफोन व टेलीफोन टावर से दूर रहें।
- कपड़े सुखाने के लिए तार प्रयोग न कर, जूट या सूत की रस्सी का उपयोग करें।
- बिजली की चमक देखकर या गड़गड़ाहट की आवाज सुनकर ऊंचे और एकल पेड़ों के आसपास न जाएं।
- आप जंगल में हों तो छोटे और घने पेड़ों की शरण में चले जाएं।
- वृक्षों, दलदल वाले स्थलों और जलस्त्रोतों से यथासंभव दूर रहें।
- खुले आकाश में रहने से अच्छा है कि छोटे पेड़ों के नीचे रहें।
- खुले आकाश में रहने को बाध्य हों तो नीचे के स्थलों को चुनें।
- एक साथ कई आदमी इक्ट्ठे न हो, दो आदमी के बीच की दूरी कम से कम 15 फीट हो।
- तैराकी कर रहे लोग मछुवारे आदि फौरन पानी से बाहर निकल जाएं।
- गीले खेतों में हल चलाते, रोपनी या अन्य कार्य कर रहे किसानों और मजदूरों या तालाब में कार्य रहे व्यक्ति तुरंत सूखे व सुरक्षित स्थान पर जाएं।
- धातु से बने कृषि यंत्र, डंडा आदि से अपने को दूर कर लें।
- आप खेत-खलिहान में काम कर रहे हों और किसी सुरक्षित स्थान की शरण न ले पाएं तो जहां है वहीं रहें। हो सके तो पैरों के नीचे सूखी चीजें जैसे लकड़ी, प्लास्टिक, बोरा या सूखे पत्ते रख लें।
- दोनों पैरों को आपस में सटा लें और दोनों हाथों को घुटनों पर रखकर अपने सिर को जमीन की तरफ यथासंभव झुका लें। सिर को जमीन से न छुएं। जमीन पर बिल्कुल न लेटें।
- अपने घरों और खेल-खलिहानों के आस-पास कम ऊंचाई वाले उन्नत किस्म के फलदार वृक्ष समूह लगाएं। ऊंचे पेड़ के तनों या टहनियों में तांबे का एक तार स्थापित कर जमीन में काफी गहराई तक दबा दें, ताकि पेड़ सुरक्षित हो जाए। मजबूत छत वाला पक्का मकान सबसे सुरक्षित स्थल है।
- यदि संभव हो तो अपने घरों में तड़ित चालक लगवा लें। यथासंभव खुले क्षेत्र में स्वयं को धातु के संपर्क से बचाए रखें।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal