
- कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने जिला अस्पताल में बच्चों को डोज पिलाकर शिशु संरक्षण माह का किया शुभारंभ
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
जिले में डेढ़ लाख बच्चों को विटामिन ए और आयरन फालिक एसिड की डोज पिलाई जाएगी। आज इसका शुभारंभ जिला अस्पताल में कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने किया। एमसीएच बिल्डिंग में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर ने वैष्णवी को विटामिन ए का डोज पिलाकर शिशु संरक्षण माह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिला अस्पताल में शिशु संरक्षण का कार्य देख रहीं डॉ. सुगम सावंत ने बताया कि जिले में 1 लाख 63 हजार बच्चों को विटामिन ए और 1 लाख 72 हजार डोज बच्चों को आयरन फालिक एसिड के डोज पिलाया जाएगा।
सीएमएचओ डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने कलेक्टर को बताया कि यह कार्यक्रम 28 सितंबर तक चलेगा। कार्यक्रम सप्ताह के दो दिन मंगलवार और शुक्रवार को होगा। आंगनबाड़ी केंद्रों में डोज पिलाए जाएंगे। कलेक्टर ने जिला अस्पताल में इसकी तैयारियों के संबंध में सिविल सर्जन डॉ. पी. बालकिशोर से जानकारी ली। डॉ. सावंत ने बताया कि विटामिन ए की दवा 9 महीने से 5 साल तक के बच्चों को दी जाएगी। आयरन फालिक एसिड 6 माह से 5 साल तक के बच्चों को दी जाएगी।
हर बच्चे का वजन भी लिया जाएगा और इसके अनुरूप दवा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि गर्भवती माताओं को भी जरूरत के मुताबिक दवा दी जाएगी। कलेक्टर ने सिविल सर्जन से अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान डॉ. सीमा जैन, डॉ. हेमंत साहू, डॉ. संबित राज, डीपीएम प्यूरी मजूमदार व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
क्यों जरूरी है बच्चों को विटामिन ए
बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में विटामिन ए की बड़ी भूमिका होती है। शरीर में विटामिन ए की कमी होने पर आँखों की दिक्कत के साथ ही बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता भी घट जाती है। शरीर को स्वस्थ रखने और शारीरिक मानसिक विकास के लिए आयरन सामग्री विशेष रूप से जरूरी है। कई बार सही मात्रा में पोषण आहार न लेने से बच्चे इन आवश्यक तत्वों से वंचित रह जाते हैं और यह उनके शारीरिक मानसिक विकास पर असर डालता है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal