
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
आज पीएचई विभाग के दफ्तर में देवेंद्र अग्रवाल नामक व्यक्ति ने अधिकारियों कर्मचारियों के साथ गाली गलौच की। असामाजिक तत्वों के साथ पहुंचे देवेंद्र ने अफसरों के चेंबर में घुसकर सभी लोगों को धमकाते हुए अभद्र व्यवहार किया। घटना के समय कई ठेकेदार भी दफ्तर में मौजूद थे। उनके द्वारा देवेंद्र अग्रवाल को रोकने का प्रयास करने पर ठेकेदारों के साथ भी मारपीट की गई।
इस मामले को लेकर अधिकारी-कर्मचारियों ने कलेक्टर डाॅ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे और एसपी प्रशांत अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़ित अधिकारी-कर्मचारियों ने कलेक्टर को बताया कि मंगलवार को देवेंद्र अग्रवाल नाम के व्यक्ति ने अधिकारियों के चेंबर में प्रवेश कर उनसे गाली-गलौज की और धमकियाँ दी। कार्यालय के कार्यपालन अभियंता, उप अभियंता, सहायक अभियंता से लेकर भृत्य तक सभी से उसने दुर्व्यवहार किया। देवेंद्र ने बाहर से आसामाजिक तत्वों को भी बुलाया। इसके कारण महिला कर्मचारी भयभीत हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि शासकीय कार्य के संपादन के दौरान इस व्यक्ति द्वारा किये गये कृत्य से वे मानसिक रूप से बेहद व्यथित हैं। जिस दौरान यह घटना हुई, उस दौरान दुर्ग जिला लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी ठेकेदार संघ के सदस्य भी मौजूद थे। ज्ञापन में कहा गया है कि जब ठेकेदारों ने अभद्र व्यवहार करने पर रोकना चाहा, तब देवेंद्र अग्रवाल ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। यह भी धमकी दी कि जिस निविदा में वे या उनसे संबंधित लोग हिस्सा लेंगे, उसमें कोई दूसरा ठेकेदार टेंडर नहीं डालेगा। ठेकेदार संघ ने अपने ज्ञापन में संबंधित व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई करने की माँग की है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal