Breaking News

सड़कों पर गड्‌ढे से परेशान हैं लोग : अफसरों को साथ लेकर सड़कों पर घूम-घूम कर विधायक ने गड्‌ढे भरवाए : निर्माण कार्यों के दौरान आम जनता को असुविधा न हो : वोरा

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

बारिश के कारण सड़कों पर गड्ढों की भरमार होने के कारण बुधवार को हुई समीक्षा बैठक में विधायक अरुण वोरा ने काफी नाराजगी जताई थी। आज वोरा खुद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ फील्ड पर निकले। उन्होंने खुद खड़े रहकर कई स्थानों पर गड्ढे भरवाए। गड्ढों से आए दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे बुजुर्ग और महिलाओं की लगातार शिकायतें मिलने के बाद आज गड्ढे पाटने का काम शुरू किया गया।

वोरा की मौजूदगी में शहर के जेल तिराहा से मिनीमाता चौक, शिवनाथ नदी के पुराने ब्रिज, पटेल चौक और पटरी पार क्षेत्र के धमधा नाका में कई स्थानों पर गड्ढे पाटे गए। वोरा ने कहा कि शहर में करोड़ों रु की राशि से विकास कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन निर्माण कार्यों के दौरान इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि आम जनता को परेशानी न हो।

उन्होंने 64 करोड़ की लागत से मुख्य मार्ग के निर्माण कार्य का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्युत पोल हटाने के कारण सड़क पर अंधेरा है। जहां जहां डिवाइडर का कार्य पूरा हो गया है वहां तत्काल नए सेंटर पोल लगाकर प्रकाश व्यवस्था कराएं। गड्ढे भरने का काम लगातार जारी रखा जाए और बरसात समाप्त होते ही डामरीकरण का कार्य भी शुरू किया जाए।

वार्डों का दौरा कर देखी समस्याएं, अफसरों को निर्देश दिये

वोरा ने वार्ड क्रमांक 7 शिक्षक नगर और वार्ड क्रमांक 34 सरस्वती नगर का दौरा कर साफ-सफाई, सड़क नाली, निस्तारी तालाब एवं पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं का जायजा लिया। शिक्षक नगर और सरस्वती नगर के निवासियों ने शिकायत करते हुए बताया कि निगम की पूर्ववर्ती शहरी सरकार के कार्यकाल में लगातार तालाब और उद्यानों की उपेक्षा की गई। उद्यानों के संधारण और तालाबों का सौन्दर्यकरण कराया जाना चाहिए और साफ-सफाई की व्यवस्था और बेहतर करना चाहिये। ताकि, वार्ड वासियों को इसका लाभ मिल सके।

रोजगार कार्यालय में नया वाटर कूलर लगाने कहा

वोरा ने जिला रोजगार कार्यालय में पंजीयन के लिए दूरदराज से पहुंचे छात्र छात्राओं से भी मुलाकात की और उनकी मांग पर पेयजल की व्यवस्था के लिये नए वाटर कूलर लगाने और सुरक्षा के दृष्टिकोण से जल्द अहाता निर्माण का आश्वासन दिया। इस दौरान एमआईसी मनदीप भाटिया, पार्षद बिजेंद्र भारद्वाज, कन्या ढीमर, पप्पू श्रीवास्तव सहित वार्डवासी और  निगम के स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, लोनिवि के गगन जैन, रोजगार अधिकारी मौजूद थे।

Check Also

प्रेत-बाधा का भय दिखाकर महिला से 85 लाख की ठगी

द सीजी न्यूज भिलाई। घरेलू परेशानियां दूर करने, तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ कराने का झांसा देकर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!