
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाई नगर/ अवैध रूप से चोरी छुपे मोबाइल टावर लगाने वाले के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए आज नगर निगम की टीम ने काम बंद करा दिया। टावर लगाने उपयोग की जा रही सामग्री को जब्त कर लिया गया है। मामला शांति नगर क्षेत्र का है। वार्ड में सड़क नंबर 5 बी प्लाट क्रमांक 140 के मकान में भारती एयरटेल कंपनी द्वारा टावर लगाने का काम किया जा रहा था।
वार्ड क्रमांक 11 निवासी पूनम शर्मा के मकान के प्रथम तल में टावर लगाने की तैयारी की जा रही थी। मोहल्ले वासियों को इसकी खबर मिलने पर उन्होंने टावर लगाने का विरोध किया। नगर निगम में इसकी शिकायत की गई। इसके बाद नगर निगम ने मोबाइल टावर न लगाने के संबंध में संबंधित एजेंसी को सूचना पत्र जारी किया। इसके बावजूद काम जारी रहने पर निगम की टीम ने काम बंद कराया। 8 नग बैटरी, 2 नग लोहे की सीढ़ी और 3 नग लोहे के अन्य सामान को जप्त किया गया। एजेंसी के जयकुमार के समक्ष यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान भवन अनुज्ञा विभाग के उप अभियंता सिद्धार्थ साहू, विशेष दस्ता के बालकृष्ण नायडू और तोड़फोड़ दस्ता के कन्हैया यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal