- वन विभाग की बड़ी कार्रवाई : आरोपी गिरफ्तार

द सीजी न्यूज डॉट कॉम
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर के निर्देश पर वन विभाग द्वारा राज्य में वन अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान लगातार जारी है। इसी तारतम्य में आज राजधानी रायपुर में वन विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी से लगभग ढाई लाख रुपए मूल्य के 3.50 किलोग्राम पैंगोलिन स्केल्स की जप्ती की गई है। इसमें आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति मोटर सायकल में काले रंग के बैग में वन्य प्राणी से संबंधित सामग्री बेचने के फिराक में है। सूचना मिलते ही प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख राकेश चतुर्वेदी, क्षेत्रीय उप निदेशक अभिजीत राय, मुख्य वन संरक्षक जे.आर. नायक के निर्देश पर वन मंडलाधिकारी रायपुर विश्वेश कुमार के मार्गदर्शन में वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो मध्य क्षेत्र जबलपुर, वाईल्ड लाईफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया, कन्जर्वेशन कोर सोसायटी व वन विभाग छत्तीसगढ़ की संयुक्त टीम का गठन किया गया। जिन्होंने तुरंत कार्यवाही करते हुए संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी।
कार्यवाही के दौरान जयस्तंभ चौक पर एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया। जिसकी पीठ में नीले-काले रंग का बैग टंगा था। टीम ने जाकर उस संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की और बैग खोलकर दिखाने कहा। संदिग्ध व्यक्ति ने बैग खोलकर दिखाया, जिसमें एक प्लास्टिक की थैली में अनुसूची प्रथम के अंतर्गत आने वाला सालखपरी का शल्क पैंगोलिन स्केल्स पाया गया जो कि लगभग 3.50 किलोग्राम था। व्यक्ति को पूछताछ के लिए वन परिक्षेत्र कार्यालय पंडरी रायपुर लाया गया। संदिग्ध व्यक्ति द्वारा वन्य जीव से संबंधित सामग्री को अपने अभिरक्षा में रखने का कोई प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। इसे बेचने के लिए खरीददार की तलाश में घूम रहा था। वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 के तहत कार्यवाही करते हुए उसे हिरासत में लिया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal