Breaking News

दिक्कतों से निजात दिलाने वोरा ने शुरू किया अभियान : गणेश विसर्जन से पहले वोरा ने नदी मार्ग का कराया संधारण

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

बरसात के दिनों में आम जनता को होने वाली दिक्कतों से निजात दिलाने विधायक अरुण वोरा ने अभियान छेड़ दिया है। लगातार वार्डों की आंतरिक सड़कों और स्लम बस्तियों में जल भराव, सड़कों में कीचड़ व गड्ढे से आवागमन में हो रही परेशानी की लगातार शिकायत मिलने के बाद वोरा ने प्रतिदिन सुबह प्रशासनिक अमले के साथ वार्डों में दौरा कर मौके पर ही समस्याओं का निराकरण करने की मुहिम शुरू की है।

मोहन नगर और हरिनगर के नागरिकों को राहत दिलाने के बाद गुरुवार को वोरा के दौरे से पोटियाकला वार्ड क्रमांक 53 की कई गलियों में बेहद खराब स्थिति में आवागमन कर रहे नागरिकों को बड़ी राहत मिली है। जिन जर्जर गलियों से विधायक गुजरे, निगम अमले ने तत्काल वहां गड्ढे की फिलिंग करने का काम शुरू कर दिया। वार्डवासियों की शिकायत पर वोरा ने तत्काल टीम बुलाकर मौके पर ही समस्याओं का निराकरण कराया।

विधायक के सख्त रवैये से निगम अमले में भी प्रशासनिक कसावट देखने को मिली। वर्षों से जाम पड़ी नालियों और जल भराव की समस्या का निराकरण मौके पर ही कर लिया गया। वोरा ने कहा कि जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करें। बरसात के मौसम में होने वाली समस्याएं कोई नई नहीं है। इसके लिए पूरी तैयारियां पहले से ही रखना आवश्यक है। कई गलियों में कीचड़ व गड्ढों के कारण लोगों को पैदल और दोपहिया वाहनों में चलना दूभर हो गया है। तत्काल ऐसी जगहों पर डस्ट, जीरा गिट्‌टी व मुरुम आदि डाल कर त्वरित राहत दिया जाना चाहिये।

वोरा ने कहा कि गंदे पानी का जमावड़ा कहीं भी ना होने दिया जाए। गणेश विसर्जन को देखते हुए उन्होंने शिवनाथ तट का भी निरीक्षण किया, जहां दुर्ग-भिलाई में विराजमान अनेकों मूर्तियों का विसर्जन किया जाता है। वोरा ने स्वयं खड़े होकर जर्जर रोड़ का संधारण कराया। दो दिन पहले ही उन्होने बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए हाई मास्ट लाइट शुरू कराई थी। उन्होने कहा शहर के तालाबों में बनाए गए विसर्जन कुंड की साफ -सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि तालाब भी स्वच्छ रहें और धार्मिक आयोजन भी निर्बाध हो सके। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजय मिश्रा, छाया पार्षद भोजराम यादव, एल्डरमैन राजेश शर्मा, अंशुल पांडेय, शहर कांग्रेस महामंत्री पप्पू श्रीवास्तव, सतीश पांडेय, कार्यपालन अभियंता जितेंद्र समैया, सहायक अभियंता आरके पालिया, विकास दमाहे, दुर्गेश गुप्ता सहित वार्डवासी मौजूद थे।

Check Also

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय को मिला ए ग्रेड

THE CG NEWS रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका से आज लोक भवन में इंदिरा गांधी कृषि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!