
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से सुराजी गांव योजना, गोधन न्याय योजना और राजीव गांधी किसान न्याय योजना के संबंध में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने विकासखंड वार ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के कार्यों की समीक्षा की। जिन ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों का कार्य संतोषजनक नहीं है, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने एसडीएम को निर्देश भी दिये। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता के कार्य में किसी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी।
इस दौरान एसडीएम, जनपद सीईओ भी वीसी के माध्यम से जुड़े रहे। कलेक्टर ने कहा कि गौठान के कार्यों की जिम्मेदारी कृषि विभाग की है। सुराजी गांव योजना शासन की फ्लैगशिप योजना है और इसके क्रियान्वयन के लिए सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी गंभीरतापूर्वक कार्य करें। उन्होंने कहा कि सुराजी गांव योजना की सफलता के लिए गौठान में मवेशी का आना जरूरी है। सभी गौठानों में गोबर खरीदी होना चाहिए और गौठान सक्रिय रहना चाहिए। वर्मी कम्पोस्ट व सुपर कम्पोस्ट के निर्माण के साथ ही वर्मी कम्पोस्ट की बिक्री भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गौठान मल्टीएक्टीविटी केन्द्र बन रहे हैं और यहां कृषि संबंधी गतिविधियां मशरूम उत्पादन, मछलीपालन, मुर्गीपालन, सामुदायिक बाड़ी व अन्य गतिविधियां संचालित होती रहे।
उन्होंने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों से कहा कि कृषि विभाग इस योजना के लिए नोडल विभाग है, जिसमें पंचायत, उद्यानिकी और अन्य विभाग सहयोग करेंगे। जिले में 358 गौठान है। ऐसे गौठान जहां विशेष ध्यान देने की जरूरत है, वहां सुविधाएं बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि विकासखंडों में 10 मॉडल गौठान का चिन्हांकन कर शीघ्र ही वहां समूह की महिलाओं के लिए आजीविका संवर्धन का कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को मुख्यालय में अनिवार्य रूप से रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी गौठान कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि महाविद्यालय से उन्नत तकनीक तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारी व मार्गदर्शन ले। उन्होंने गौठानों में उन्नत प्रजाति के शकरकंद लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना की समीक्षा की।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal