
- अस्पताल व कॉलेज संचालन की प्रकिया में तेजी लाने के निर्देश : बजट व्यवस्था के संबंध में हुई विस्तार से चर्चा
- राज्य शासन द्वारा अस्पताल और कॉलेज के लिए 1041 पद स्वीकृत, जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री टी.एस. सिंहदेव की अध्यक्षता में आज उनके निवास कार्यालय में चन्दूलाल चन्द्राकर मेमोरियल अस्पताल और मेडिकल कॉलेज संचालक मंडल की बैठक आयोजित की गई। राज्य सरकार द्वारा चन्दूलाल चन्द्राकर अस्पताल व कॉलेज के अधिग्रहण के बाद यह पहली बैठक थी। बैठक में सिंहदेव ने अस्पताल और कॉलेज की वर्तमान व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली और संचालन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत 150 स्टूडेन्ट की निरंतरता व सभी संचालित विषयों में पीजी कोर्स शुरू करने के लिए अनुमति लेने की प्रकिया शुरू करने पर सहमति प्रदान की गई। बैठक में मेडिकल कॉलेज के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शासन के अन्य मेडिकल कॉलेजों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। सिंहदेव ने अस्पताल और कॉलेज के अधोसंरचना विकास व निर्माण के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने प्रारंभिक तौर पर आवश्यकता के अनुरूप साफ-सफाई व मरम्मत कार्य, चिकित्सा उपकरणों को दुरुस्त करने सहित अस्पताल में चाक-चौबंद व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बैठक में अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों, शिक्षकों सहित अन्य स्टॉफ की भर्ती के संबंध मे चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि राज्य शासन द्वारा अस्पताल व कॉलेज के लिए क्रमशः 616 और 425 पदों यानी कुल 1041 पदों में भर्ती के लिए मंजूरी प्रदान कर दी गई है। सिंहदेव ने कहा कि बजट व्यवस्था के हिसाब से नियमित नियुक्ति होने तक अति आवश्यक सेवाओं के लिए अस्थाई व्यवस्था कर ली जाए, ताकि अस्पताल और कॉलेज संचालन की दिशा में व्यवधान न हो। अस्पताल में ओपीडी सेवा प्रारंभ करने के संबंध में भी चर्चा की गई। सिंहदेव ने कहा सरकार का काम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करना है, ओपीडी सेवा शुरू होने के बाद अन्य शासकीय अस्पतालों के प्रावधानों के अनुरूप निःशुल्क सेवाएं प्रदान की जाए।
बैठक में दुर्ग कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे, संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. विष्णु दत्त, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर, ओएसडी मेडिकल कॉलेज नूपुर राशि पन्ना, अधिष्ठाता डॉ. पी.के. पात्रा और अधीक्षक डॉ. निर्मल वर्मा उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal