
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
बिलासपुर जिले के मस्तूरी ब्लाक के मुड़पार के रहने वाले 25 वर्षीय दिव्यांग श्री रवि कश्यप ने गूगल पर सर्च कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मोबाईल नंबर का पता किया और सीधे मुख्यमंत्री से बात कर ली। अपनी समस्या बताने के दो दिनों के भीतर रवि को मुख्यमंत्री के हाथों चमचमाती टाईसिकल की सौगात मिल गई। मुख्यमंत्री ने दिव्यांग रवि कश्यप को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं। रवि ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की संवेदनशीलता के लिए उनका आभार जताया।
मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अज्ञात नंबर से कॉल आने पर भी उन्होंने न केवल फोन करने वाले की बात सुनी, बल्कि उनकी समस्या का निराकरण भी तत्परता से कर दिया। रवि कश्यप ने गूगल से मुख्यमंत्री का नंबर खोजा था। शनिवार को सीधे फोन लगाकर मुख्यमंत्री से बात की। दो दिन के भीतर ही मुख्यमंत्री ने ट्राईसिकल प्रदान कर दी। आज बिलासपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संकरी हेलीपेड पर दिव्यांग रवि कश्यप को ट्राईसिकल भेंट की।
रवि ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की संवेदनशीलता के बारे में सुना था। गूगल से उनका नंबर खोज कर नंबर की वैधता परखने के लिए मैंने उन्हें सीधे फोन कर दिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इत्मीनान से उनकी पूरी बात सुनी और ट्राईसिकल की उनकी मांग को पूरा करने के संबंध में आश्वस्त भी किया। रवि ने बताया कि मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता के कारण उन्हें दो दिन के भीतर ही ट्राईसिकल खुद मुख्यमंत्री ने प्रदान की है। इस दौरान संसदीय सचिव रश्मि सिंह, कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर भी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal