Breaking News

ईडी ने संभागीय कार्यालय में विद्युत विकास कार्यों की समीक्षा की : मैदानी अमले को दिये सेफ्टी के टिप्स

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक संजय पटेल ने दुर्ग शहर संभाग के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता व अन्य अधिकारियों की बैठक लेकर विद्युत विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने राजस्व वसूली, स्पॉट बिलिंग, स्टॉप डिफेक्टिव मीटर रिप्लेसमेंट, उप संभागों की कार्यप्रणाली सहित अन्य विभागीय कार्यों की प्रगति पर विस्तार से जानकारी ली और लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

ईडी ने लाइन लॉस को कम करने के लिये कार्ययोजना बनाकर काम करने कहा। पटेल ने संभाग में निर्बाध विद्युत व्यवस्था बनाये रखने और उपभोक्ताओं के विद्युत संबंधी समस्याओं के त्वरित निदान के लिये कार्यवाही करते हुए विद्युत लाइनों के व्यवधान पर सतत निगरानी रखने और विद्युत उपकरणों में आने वाली खराबी को फौरन सुधारने के निर्देश दिए।

कार्यपालक निदेशक ने दुर्ग शहर संभागीय कार्यालय के मैदानी अमले को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य करने कहा। पटेल ने कहा कि ज्यादातर हादसे कर्मियों की छोटी-छोटी लापरवाही से होते हैं, इसलिए बचाव के साधनोें का पूरा उपयोग करते हुए ही बिजली का कार्य करना चाहिये। तकनीकी कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों और उपायों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि थोड़ी से लापरवाही से जान जा सकती है। स्वयं की सुरक्षा आपकी पहली प्राथमिकता होनी चाहिये।

उन्होंने मैदानी अमलों को निर्देश देते हुए कहा कि विद्युत कनेक्शन में सही तरीके से अर्थिंग बहुत महत्वपूर्ण है, यह बात सभी उपभोक्ताओं को बताएं और खुद भी इसकी जांच करें। हमेशा सुरक्षा उपकरणों के साथ ही कार्य करने के सख्त निर्देश दिये गए। सुरक्षा नोडल अधिकारी अतिरिक्त मुख्य अभियंता एच.के.मेश्राम ने मैदानी अमलों को सुरक्षा उपकरणों जैसे सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट, दस्ताने, टेस्टर, डिस्चार्ज राड आदि का उपयोग करते हुए कार्य करने के निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि सुरक्षा उपकरणों की नियमित तौर से जांच करें और खराब होने पर तत्काल बदलें। सुरक्षा उपकरण जैसे डिस्चार्ज राड, सेफटी बेल्ट, हेलमेट, दस्तानों आदि के सुरक्षात्मक उपयोग के तरीके के बारे में बताया गया। कार्यक्रम के दौरान तकनीकी कर्मचारियों द्वारा भी अपने सुरक्षा संबंधित अनुभव और कार्य के दौरान आने वाले परेशानियों को भी साझा किया गया।
पटेल ने मैदानी कर्मचारियों के सुरक्षा उपकरणों की जांच करते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता एस.आर.बांधे ने बताया कि बारिश के मौसम के पूर्व ही सभी जोन के अधीन आने वाले उपकेन्द्रों, 33/11 के.व्ही. लाईनों और उपकरणों के रखरखाव व आवश्यक सुधार कार्य पूर्ण करा लिये गए थे। आकाशीय बिजली और आंधी तूफान के कारण उच्चदाब व निम्नदाब लाईनों के उपकरणों में आने वाली खराबी को तत्काल दुरूस्त करने के लिए मेंटेंनेस टीम को अलर्ट पर रखा गया है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक उपकरण आरक्षित रखकर हालात के हिसाब से संबंधित क्षेत्र में तत्काल पहुँचकर विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाने की कार्यवाही की जा रही है।

पटेल ने अधिकारियों से कहा कि बिजली बिल जमा करने आने वाले उपभोक्ताओं को ऑनलाईन पेमेन्ट या ‘‘मोर बिजली एप’’ के माध्यम से भुगतान करने हेतु प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि अपने मोबाइल फोन से गूगल प्ले स्टोर पर इस ऐप को डाऊनलोड कर उपभोक्तागण घर बैठे ही विद्युत संबंधी कार्यो का निपटारा कर सकते है। उन्होने सभी उपभोक्ताओं से “मोर बिजली ऐप” का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की है ताकि पॉवर कंपनी द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ उन्हे मिल सकें। इस दौरान कार्यपालन अभियंता सतीश वर्मा, सहायक अभियंता महेश्वर टंडन, महेन्द्र साहू, राजेन्द्र गिरी व अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Check Also

प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण का पावन पर्व है गोवर्धन पूजा : मुख्यमंत्री साय

हमारी संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान, कृषि और ग्रामीण जीवन की समृद्धि से जुड़ी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!