
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
विकास कार्यों में लेटलतीफी को लेकर विधायक अरुण वोरा ने आज नगर निगम मुख्यालय में अफसरों की जमकर क्लास ली। वोरा ने ठगड़ा बांध सौंदर्यीकरण, पाइपलाइन शिफ्टिंग न होने से अंडरब्रिज निर्माण कार्य में रुकावट और नाला डायवर्सन सहित सभी मूलभूत विकास कार्यों में हो रही देर पर कड़ी नाराजगी जताई। वोरा के अलावा वहां मौजूद एमआईसी सदस्यों ने भी निगम अफसरों की कार्यशैली पर जमकर निशाना साधा। सफाई व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था ठीक न होने पर नाराजगी जताते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वार्डों में स्वीकृत विकास कार्यों को लटकाया जा रहा है।
अंडरब्रिज निर्माण का अधूरा काम देखने के बाद विधायक अरुण वोरा सीधे निगम मुख्यालय पहुंचे और महापौर धीरज बाकलीवाल के कक्ष में निगम कमिश्नर सहित अन्य अफसरों को बुलाकर विकास कार्यों को लेकर जवाबतलब किया। वोरा ने अफसरों से सीधे सवाल किया कि ये कार्य पेंडिंग क्यों हैं और इन्हें कब तक पूरा किया जाएगा। विकास कार्यों में विलंब क्यों हो रहा है। वोरा ने कहा कि निगम दफ्तर में मीटिंग बहुत हो चुकी। अब फील्ड में जाकर विकास कार्य कराएं और शहर के नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराएं। शहर में तेजी से विकास कार्य होना चाहिये।
इसी दौरान महापौर कक्ष में कई एमआईसी सदस्यों ने अपने विभागों के कामकाज की जानकारी देते हुए कहा कि विभागीय अफसर हर काम में लेटलतीफी कर रहे हैं। विभाग में चल रहे कामकाज की जानकारी जनप्रतिनिधियों को नहीं दी जाती। एमआईसी मेंबर जयश्री जोशी, मनदीप सिंह भाटिया, जमुना साहू सहित अन्य एमआईसी सदस्यों ने नाराजगी जताई । इस दौरान राशन कार्ड, पेंशन वितरण सहित अन्य कार्यों को लेकर भी पार्षदों की नाराजगी फूटी।
निगम कमिश्नर हरेश मंडावी ने इन विषयों पर जवाब देते हुए कहा कि उनके द्वारा कोई भी फाइल पेंडिंग नहीं रखी जाती है। अगर किसी भी स्तर पर लेटलतीफी हो रही है तो भविष्य में इसे सुधारा जाएगा। कम्युनिकेशन गैप या अन्य कारणों को दूर किया जाएगा। कमिश्नर ने कहा कि वैक्सिनेशन में कई अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के कारण कार्यों में विलंब हो रहा है। सभी विकास कार्य तेजी से कराए जाएंगे और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को दूर किया जाएगा।
वोरा ने कहा कि शीघ्र ही अधिकारियों की मौजूदगी में सभी 60 वार्डों के पार्षदों की बैठक लेकर विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी। वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और विकास कार्यों के लिए राशि की मांग करेंगे। वोरा ने निगम अफसरों से कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों, एमआईसी सदस्यों और पार्षदों का मान-सम्मान किया जाना चाहिये।
अधूरे पड़े अंडरब्रिज का निरीक्षण किया

इससे पहले वोरा ने रायपुर नाका अंडरब्रिज निर्माण के रुके कार्य का निरीक्षण किया। वोरा से स्थानीय नागरिकों ने कहा कि निर्माणाधीन अंडरब्रिज में पानी भरा है जिससे बदबू उठ रही है। संक्रामक बीमारियां हो सकती हैं। वोरा ने तत्काल स्वास्थ्य अधिकारी को बुलाकर पानी खाली करने और दवा का छिड़काव करने के निर्देश दिये। वोरा ने पाइपलाइन शिफ्टिंग कार्य को तत्काल पूरा करने कहा ताकि अंडरब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा हो सके।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal