

द सीजी न्यूज डॉट कॉम
प्रभारी सचिव व पीडब्ल्यूडी सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने आज एनएच व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में एनएच की सड़क के साथ ही जिले में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की। प्रभारी सचिव ने कहा कि रायपुर और दुर्ग के बीच यह सड़क प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण सड़क है। रोज हजारों लोग आवागमन करते हैं और जनसुविधा को देखते हुए इसका तय समय सीमा में निर्माण बेहद अहम जिम्मेदारी है। इसमें जुड़े अधिकारी और एजेंसियां युद्ध स्तर पर कार्य करें। काम की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी तरह की लापरवाही होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी सचिव ने कहा कि दुर्ग से कुम्हारी के बीच सड़क की लगातार मॉनिटरिंग जरूरी है और यह मॉनिटरिंग हर घंटे होनी चाहिए। किसी भी तरह से गड्ढे होने की स्थिति में ट्रैफिक बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनती है। इसके लिए ब्लिंकर्स लगाएं। ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस की मदद लें। एजेंसी के अधिकारी भी ध्यान दें और एनएच के अधिकारी भी इसे देखें। सर्विस रोड की मरम्मत बहुत जरूरी है। शोल्डर आदि को ठीक कराने के निर्देश भी दिए।
प्रभारी सचिव ने कहा कि जहां कहीं भी ट्रैफिक से जुड़ा मार्ग अवरोध हो उसे भी ठीक कराएं। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि जो तय समय सीमा है, उस पर कार्य करने के लिए उनके पास क्या योजना है । अधिकारियों ने योजना बताई। प्रभारी सचिव ने कहा कि पूरे मेनपावर के साथ यह कार्य करें । कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने भी बैठक में विस्तार से सचिव को एनएच से संबंधित स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सर्विस रोड के किनारे के जंक्शन भी दुर्घटना के बिंदु बनते हैं। सारे तकनीकी बिंदुओं से एनएच के अधिकारियों को अवगत कराया गया है और इन्हें लगातार सर्विस रोड के मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं और तय समय सीमा पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal