

द सीजी न्यूज डॉट कॉम
एनएच की सर्विस रोड की मरम्मत का काम लगातार जारी है। रायपुर से दुर्ग तक रोज आने-जाने वाले नागरिकों को राहत देने के लिए एनएच की सर्विस रोड के गड्ढों में कंक्रीट भरने का कार्य निरंतर चल रहा है। देर रात तक मरम्मत का काम किया जा रहा है, ताकि बारिश की वजह से बन रहे गड्ढों से सुबह ट्रैफिक में बाधा न पहुंचे। बारिश होने से लगातार सड़कों में गड्ढे बन रहे हैं जिनका तत्काल पैच वर्क किया जा रहा है।
एनएच के अधिकारियों ने बताया कि ट्रैफिक मार्शल भी नियुक्त किए गए हैं। ट्रैफिक दुरुस्त करने और व्यवस्थित करने की दिशा में ट्रैफिक मार्शल पुलिस की मदद कर रहे हैं। ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। कुम्हारी ओवरब्रिज का कार्य 15 अक्टूबर तक छोटी गाड़ियों की आवाजाही के लिए पूरा किया जाना है और बड़ी गाड़ियों के लिए 15 नवंबर तक यह कार्य पूरा होना है।
दो दिन पहले इस संबंध में पीडब्ल्यूडी सेक्रेटरी सिद्धार्थ कोमल परदेशी और कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने एनएच अधिकारियों व निर्माण एजेंसी की बैठक ली थी। बैठक में एजेंसी को साफ निर्देश दिये गए थे कि दुर्ग से रायपुर तक पर रोज हजारों लोग आवाजाही करते हैं। सड़क निर्माण कार्य में कतई विलंब नहीं होना चाहिए। उनके निर्देश पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। एन एच के अधिकारी 24 घंटे सड़क की मॉनीटरिंग कर रहे हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal