Breaking News

बीएसपी के खिलाफ थाने में कार्यवाही के लिए भिलाई निगम ने लिखा पत्र : डेंगू और जल जनित बीमारी की रोकथाम में नाकाम है बीएसपी प्रबंधन

  • बीएसपी प्रबंधन के रवैये से बड़ी महामारी फैलने की आशंका 

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

भिलाई नगर/ नगर निगम भिलाई ने बीएसपी प्रबंधन के खिलाफ थाने में कार्यवाही करने के लिए पत्र दिया है। सेक्टर 6 कोतवाली थाना प्रभारी को निगम ने आज कार्रवाई के लिए पत्र देकर कहा है कि लंबे अरसे से बीएसपी प्रबंधन द्वारा सफाई पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया जा रहा। इस साल सेक्टर 4 से डेंगू के कहर की शुरुआत हुई थी। धीरे-धीरे सेक्टर और भिलाई शहर में डेंगू फैलने लगा। लेकिन बीएसपी प्रबंधन द्वारा रोकथाम और नियंत्रण के उपाय नहीं किए गए।

बीएसपी क्वार्टर के बैक लाइन में सफाई की लचर व्यवस्था है। झाड़ियों में मच्छरों के पनपने की भरपूर संभावना है। भिलाई निगम द्वारा लगातार डेंगू और जल जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए बीएसपी प्रबंधन को उचित उपाय अपनाने के लिए आगाह किया जा रहा है, लेकिन बीएसपी प्रबंधन अपने पुराने ढर्रे पर चल रहा है। सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई भी नहीं कराई जा रही है। बीएसपी के कई इलाकों में जगह-जगह कचरे का ढेर लगा हुआ है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है।

पेयजल को लेकर भी बीएसपी प्रबंधन निष्क्रिय रहा है। मई और जून के महीने से दूषित पेयजल की समस्या उभरी। निगम द्वारा बार-बार हस्तक्षेप करने के बाद भी लोगों को काफी समय तक दूषित पानी की परेशानी झेलनी पड़ी। दूषित पेयजल को लेकर महामारी फैलने की आशंका बढ़ रही थी। दूषित पेयजल के मामले में नागरिकों को परेशानी होने के बाद अब वर्तमान में सफाई व्यवस्था बीएसपी नहीं कर रहा है।  इन सभी विषयों को लेकर थाना में उचित कार्यवाही करने के लिए पत्र दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि 16 अगस्त को नगर निगम और बीएसपी प्रबंधन के अधिकारियों द्वारा बीएसपी क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण सफाई को लेकर किया गया था। जगह-जगह कचरे का ढेर और सफाई व्यवस्था चरमराई हुई पाई गई थी। बीएसपी क्षेत्र में जगह-जगह गंदगी व्याप्त होने के कारण डेंगू और अन्य बीमारी फैलने की संभावना बढ़ती जा रही है। निगम के डेंगू नियंत्रण दल के निरीक्षण करने पर डेंगू के लार्वा अधिकांश घरों में पाए गए। इसके कारण से डेंगू प्रभावित क्षेत्र में निवासरत नागरिकों में भारी असंतोष है। इन कारणों से महामारी अधिनियम 1987 यथा संशोधित 2020 के विपरीत होने के कारण बीएसपी प्रबंधन के खिलाफ निगम ने थाना प्रभारी को कार्यवाही करने के लिए पत्र प्रेषित किया गया है।

Check Also

पर्युषण पर्व : आत्मशुद्धि, अहिंसा और क्षमा का महापर्व : डा. मणिभद्र मुनि

पर्युषण पर्व का श्रमण संघ परिवार ने किया तप साधना से स्वागत-अभिनंदन महिलाएं पीली साड़ी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!