
- शहर का मुख्य बाजार व्यवस्थित करने व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ कमिश्नर ने पूरे मार्केट का दौरा किया
- त्योहारी सीजन को देखते हुए अफसरों को बाजार क्षेत्र में व्यवस्थाओ के लिए दिए आवश्यक निर्देश
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
शहर के मेन मार्केट को व्यवस्थित करने दुर्ग नगर निगम के कमिश्नर हरेश मंडावी ने आज व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ पूरे मार्केट एरिया का सघन निरीक्षण किया। इंदिरा मार्केट, मोती कांप्लेक्स, पुराना बस स्टैंड, प्रशासनिक भवन, तहसील कार्यालय और कुंआ चौक क्षेत्रों का दौरा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। दुकानों के सामने बरामदे में सामग्री रखकर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को दुकान के भीतर व्यवसाय करने की समझाइश दी गई।
कमिश्नर ने मार्केट एरिया में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिये कस्तूरबा बाल मंदिर की साफ-सफाई कर पार्किंग बनाने के निर्देश दिये। टीबी अस्पताल के सामने रिक्त भूमि की सफाई कर पार्किंग स्थल बनाने कहा गया। इससे बाजार एरिया में बड़े वाहनों की आवाजाही बंद होगी। कमिश्नर ने मार्केट एरिया में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए।
नगर निगम के पुराने और जर्जर हो चुकी दुकानों को तोड़कर नई दुकान का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान प्रभारी कार्यपालन अभियंता जितेंद्र समैया, भवन अधिकारी प्रकाश थवानी, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, प्रभारी बाजार अधिकारी शिव शर्मा, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रहलाद रुंगटा, इंदिरा मार्केट व्यापारी संघ के प्रतिनिधि मौजूद थे। व्यापारी संघ के सुझाव भी लिये गए और सुझावों पर शीघ्र ही उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal