Breaking News

मुख्यमंत्री ने गौठानों में गोबर से बिजली उत्पादन परियोजना का किया शुभांरभ

  • विद्युत के मामले में गौठान होंगे स्वावलंबी: गौठानों में लगी एक यूनिट से 150 किलोवाट बिजली पैदा होगी
  • गौठानों में स्थापित रूरल इंडस्ट्रियल पार्क की मशीनें गोबर की बिजली से चलेंगी
  • गोबर से अब गौठान और महिला समूहों को दोहरा लाभ
  • बेमेतरा के राखी, दुर्ग जिले के सिकोला और रायपुर के बनचरौदा गौठान में गोबर की बिजली की रौशनी
  • बेमेतरा जिले को 503 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बेमेतरा जिला मुख्यालय के बेसिक स्कूल ग्राउंड में आयोजित किसान सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य के गौठानों में गोबर से बिजली उत्पादन की परियोजना का वर्चुअल शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ग्राम सुराज की परिकल्पना को साकार करते हुए गांवों को स्वावलंबी बनाने में जुटी है। अब छत्तीसगढ़ के गांव गोबर से विद्युत उत्पादन के मामले में स्वावलंबी होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब विद्युत उत्पादन का काम सरकार और बड़े उद्योगपति किया करते थे। अब हमारे राज्य में गांव के ग्रामीण टेटकू, बैशाखू, सुखमती, सुकवारा भी बिजली बनाएंगे और बेचेंगे। मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि गोबर खरीदी का मजाक उड़ाने वाले लोग अब इसकी महत्ता को देख लें। कार्यक्रम में कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, संसदीय सचिव गुरूदयाल बंजारे, बेमेतरा के विधायक आशीष छाबड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने बेमेतरा जिले के राखी गौठान, दुर्ग जिले के सिकोला और रायपुर जिले के बनचरौदा में गोबर से विद्युत उत्पादन के शुभारंभ अवसर पर वहां मौजूद स्व-सहायता समूह की महिलाओं और गौठान समितियों के सदस्यों से उनकी आयमूलक गतिविधियोें के बारे में चर्चा करते हुए उन्हें अब गोबर से विद्युत उत्पादन की यूनिट शुरू होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोबर से वर्मी कम्पोस्ट के उत्पादन से जितना लाभ महिला समूहों को हो रहा है। बिजली उत्पादन शुरू होने से उन्हें दोगुना लाभ मिलने लगेगा।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर बेमेतरा जिले में 503 करोड़ रूपए की लागत वाले विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को अनुदान सहायता राशि व सामग्री वितरण किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर बेमेतरा जिले के देवकर, भिंभौरी को तहसील और मारो को उप तहसील बनाए जाने, थान खम्हरिया में पॉलीटेक्निक कॉलेज, साजा में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, परपोड़ी व साजा के स्वास्थ्य केन्द्र का सामुदायिक केन्द्र में उन्नयन, देवरबीजा और नांदघाट में महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने दाढ़ी को नगर पंचायत बनाने और वहां उप कोषालय खोलने, नवागढ़ में उप कोषालय और कन्या पोस्ट मेट्रिक छात्रावास प्रारंभ करने, साजा के एग्रीकल्चर कॉलेज का नामकरण स्व. कुमारी देवी चौबे के नाम करने, बेमेतरा के कृषि महाविद्यालय का नामकरण पूर्व विधायक स्व. डॉ. चेतन वर्मा के नाम किए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर बेमेतरा में ऑडिटोरियम का निर्माण और बेमेतरा नगर पालिका को एक करोड़ व जिले के नगर पंचायतों को विकास कार्यों के लिए 50-50 लाख रुपए देने का एलान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के सभी गौठानों में गोबर की बिजली उत्पादन शुरू किया जाएगा। समूह की महिलाएं गोबर से बिजली बनाएंगी और बेचेंगी। उनकी बिजली सरकार खरीदेगी। गौठानों में स्थापित रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में विभिन्न प्रकार के उत्पादों को तैयार करने के लिए लगी मशीनें भी गोबर की बिजली से चलेंगी। गौठान अब बिजली के मामले में स्वावलंबी होंगे। है। गोबर से सस्ती बिजली उत्पादन होने के साथ-साथ जैविक खाद का भी उत्पादन होगा। इससे गौठान समितियों और महिला स्व-सहायता समूहों को दोहरा लाभ होगा। कार्यक्रम को कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, संसदीय सचिव गुरूदयाल बंजारे, बेमेतरा के विधायक आशीष छाबड़ा ने भी सम्बोधित किया।

गोबर से विद्युत उत्पादन की परियोजना के प्रथम चरण में बेमेतरा जिले के राखी, दुर्ग के सिकोला और रायपुर जिले के बनचरौदा में गोबर से विद्युत उत्पादन की यूनिट लगाई गई हैै। एक यूनिट से 85 क्यूबिक घन मीटर गैस बनेगी। एक क्यूबिक घन मीटर से 1.8 किलोवाट विद्युत का उत्पादन होता है। इससे एक यूनिट में 153 किलोवाट विद्युत का उत्पादन होगा। इस प्रकार तीनों गौठानों में स्थापित बायो गैस जेनसेट इकाईयों से लगभग 460 किलोवाट विद्युत का उत्पादन होगा। इससे गांवों, गौठानों में प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ वहां स्थापित मशीनों का संचालन हो सकेगा। गोबर से विद्युत उत्पादन की यूनिट से बिजली उत्पादन के बाद शेष स्लरी के पानी का उपयोग बाड़ी और चारागाह में सिंचाई के लिए होगा। बाकी अवशेष से जैविक खाद तैयार होगी। गोबर से पहले विद्युत उत्पादन और उसके बाद शत-प्रतिशत मात्रा में जैविक खाद प्राप्त होगी। इससे गौठान समितियों और महिला समूहों को दोहरा लाभ मिलेगा।

Check Also

ट्रंप के खासमखास हैं निगम कमिश्नर … शायद इसीलिये मनमानी चल रही … कोई रोकटोक नहीं लगा पा रहा है…

भिलाई के भाजपा विधायक रिकेश सेन की एक नहीं सुनते कमिश्नर, अगर सुनते तो भिलाई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!