
- निगमायुक्त प्रकाश सर्वे ने केनाल रोड का किया निरीक्षण
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाई नगर/ केनाल रोड अब चंपा के फूलों से महकेगा। लगभग 28 करोड़ की लागत से केनाल रोड का निर्माण तीव्र गति से किया जा रहा है। डबरा पारा से ट्रांसपोर्ट नगर जाने वाली रोड के पास दुर्गा मंदिर क्षेत्र से शुरुआत होने वाली यह सड़क सीधे नंदनी रोड में जाकर मिलती है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे के निर्देश पर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने आज कार्य का निरीक्षण किया। यहां चंपा के फूल लगाने का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अलावा ट्रीमेंलिया और जल्द बढ़ने वाले कोनोकार्पस जैसे पौधे रोपे जा रहे हैं। केनाल रोड की सुंदरता बढ़ाने आकर्षक रंग रोगन के साथ ही हेज भी लगाया जा रहा है।
शिवाजी नगर जोन के अधिकारियों का मानना है कि 30 अक्टूबर तक इस सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। आंशिक रूप से कुछ कार्य शेष रह गए हैं। सड़क के किनारे प्रकाश व्यवस्था के लिए विद्युत पोल लगाए गए हैं। सड़क निर्माण के सभी कार्यों को तीव्रता के साथ पूरा किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त अमिताभ शर्मा, कार्यपालन अभियंता संजय बागड़े व उप अभियंता चंद्रकांत साहू मौजूद थे।
7 वार्डों से होकर गुजरता है केनाल रोड
केनाल रोड खुर्सीपार क्षेत्र के 7 वार्डों से होकर गुजरता है। वार्ड क्रमांक 31 दुर्गा मंदिर से शुरुआत होते हुए वार्ड क्रमांक 32, 33, 34, 35, 36 और 37 के वार्ड से होकर सीधे नंदिनी रोड में मिलता है। लगभग 40,000 नागरिकों को इस सड़क की सुविधा का लाभ मिलेगा। नेशनल हाईवे के 2 मुख्य चौक से नंदिनी, अहिवारा की ओर जाने वालों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी है। नेशनल हाईवे के डबरा पारा चौक से होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर की ओर दुर्गा मंदिर स्कूल से केनाल रोड प्रारंभ होता है, वहीं हाईवे से खुर्सीपार गेट के चौक से केनाल रोड की कनेक्टिविटी है।
इस सड़क का उपयोग करते हुए नेशनल हाईवे से सीधे केनाल रोड होते हुए नंदनी रोड का मार्ग अपनाते हुए, पावर हाउस मार्केट की ओर, बैकुंठ धाम क्षेत्र, हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र, घासीदास नगर क्षेत्र, नंदिनी अहिवारा, एससीसी औद्योगिक प्लांट, जामुल रोड की ओर जा सकते हैं। शिवाजी नगर जोन के कार्यपालन अभियंता संजय बागड़े ने बताया कि डिवाइडर के ठीक नीचे दो बड़ी पाइपलाइन बिछाई गई है जो आगे नंदनी रोड को क्रॉस करते हुए शीतला कांप्लेक्स की ओर जाती है। शीतला कांप्लेक्स जोन क्रमांक 3 मदर टैरेसा नगर क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस क्षेत्र में बड़ा नाला है। जिसके माध्यम से कैंप क्षेत्र के तालाबों को भरा जा सकता है। उन्होंने बताया कि इसके लिये कार्य योजना बना ली गई है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal