- धान खरीदी केन्द्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, धान खरीदी के पहले सभी सुविधा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
- फसल कटाई के बाद किसानों को पैरादान के लिए प्रोत्साहित करें
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने डोंगरगांव विकासखंड में शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं समेत आगामी धान खरीदी की तैयारी के लिए धान खरीदी केन्द्र की व्यवस्था का जायजा लिया। गौठान, स्वामी आत्मानंद स्कूल और जल जीवन मिशन के कार्यों के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनहित से जुड़ी सभी योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से किया जाना चाहिए।

कलेक्टर ने दीवानभेड़ी गौठान का निरीक्षण किया। वर्मी कम्पोस्ट की खरीदी और बिक्री की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि गौठान में आर्थिक गतिविधियों के माध्यम से महिला समूहों को लाभ मिलना चाहिए। मुर्गी पालन, मछली पालन, मशरूम उत्पादन और बाड़ी में स्वसहायता की महिलाएं कार्य करें। गौठान में गाय के लिए पानी व चारे की व्यवस्था होनी चाहिए। फसल कटाई के बाद किसानों को पैरादान के लिए प्रोत्साहित करें। ग्राम सचिव ने बताया कि 325 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट का उत्पादन किया गया है। इसमें 185 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट का विक्रय हो चुका है। महिला स्वसहायता समूह को भुगतान मिल चुका है। गौठान स्थित तालाब में मछलीपालन किया जा रहा है। मुर्गी पालन और मशरूम उत्पादन के लिए शेड का निर्माण किया जा रहा है।

कलेक्टर ने धान खरीदी के पहले सभी सुविधा सुनिश्चित करने दिए निर्देश
कलेक्टर ने धान खरीदी के पहले खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था का जायजा लिया। बनभेड़ी के धान खरीदी केन्द्र पहुंचकर वहां धान चबूतरा की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि धान की सुरक्षा के लिए शेड का निर्माण किया जा रहा है। धान खरीदी के पहले सभी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगांव का किया निरीक्षण
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगांव का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में प्रतिदिन ओपीडी की जानकारी ली। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट का अवलोकन किया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिसर के चारों तरफ बाउंड्रीवाल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने मितानिन हेल्प डेस्क, वेटिंग रूम, एक्स-रे कक्ष, पैथोलॉजी लैब, स्टोर रूम, माइनर ओटी, ऑपरेशन थियेटर, फार्मेसी, महिला वार्ड, पुरूष वार्ड, आयुष्मान पंजीयन कक्ष, लेबर रूम, बाह्य रोगी कक्ष, नवजीवन स्वागत कक्ष का निरीक्षण किया। केन्द्र में गार्ड रखने के निर्देश दिए।
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल का किया निरीक्षण : निर्माण जल्द पूरा करने के दिए निर्देश
कलेक्टर ने डोंगरगांव में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। प्रायमरी स्कूल की भवन में पोताई, पुट्टी और फर्सिंग की पॉलिस करने और पुराने भवन में वॉटर प्रूफिंग कार्य करने के साथ ही स्कूल भवन के पीछे कब्जे हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल मेस का निरीक्षण भी किया।
कलेक्टर ने जल-जीवन मिशन के अंतर्गत पानी टंकी निर्माण का किया अवलोकन
कलेक्टर ने ग्राम मेढ़ा में जल-जीवन मिशन के अंतर्गत पानी टंकी निर्माण का अवलोकन किया। सब इंजीनियर ने बताया कि बोर से पानी लिया जा रहा है। कलेक्टर ने कार्य शीघ्र पूर्ण करने और सरफेस वॉटर का उपयोग भी करने के निर्देश दिए। सब इंजीनियर ने बताया कि ग्राम मेढ़ा में 37 लाख 58 हजार रुपए की लागत से 50 हजार लीटर की टंकी का निर्माण किया गया है। रायतापायली में 11 गांव और माताडबरी में 10 गांव में सरफेस वॉटर का उपयोग किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, एसडीएम डोंगरगांव हितेश पिस्दा, जनपद सीईओ लेखराम चन्द्रवंशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal