- छत्तीसगढ़ को जरूरत है 3.50 लाख गठान जूट बारदाने की
- अब तक राज्य को मिले मात्र 1.22 लाख गठान बारदाने

द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए पर्याप्त बारदाने की सप्लाई कराने मार्कफेड की प्रबंध संचालक किरण कौशल ने आज कोलकाता में जूट कमिश्नर मलय चक्रवर्ती और डिप्टी डायरेक्टर टी.के. मण्डल से मुलाकात की। प्रबंध संचालक किरण कौशल द्वारा जूट कमिश्नर को बताया गया कि छत्तीसगढ़ में धान उपार्जन 1 दिसम्बर से किया जा रहा है। आज तक लगभग 26 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। राज्य में प्रतिदिन औसतन 3 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा रहा है। खरीफ सीजन में राज्य में 105 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन अनुमानित है, इसके लिए लगभग 5.25 लाख गठान बारदानो की जरूरत होगी।
प्रबंध संचालक ने बताया कि धान का अनुपातिक चावल सीएमआर जमा करने के लिए 2.83 लाख गठान बारदानों की जरूरत होगी। राज्य द्वारा 3.50 लाख गठान नए जूट बारदानों की आवश्यकता भारत सरकार को भेजी गई गई थी। भारत सरकार द्वारा 2.14 नये जूट बारदाने की सप्लाई करने की मंजूरी दी गई है। इन जूट बारदानों की प्रस्तावित कार्ययोजना के अनुसार समयबद्ध आपूर्ति जरूरी है। 2.14 लाख गठान बारदानों की आपूर्ति के लिए विपणन संघ द्वारा लगभग 800 करोड़ 53 लाख रुपये जूट कमिश्नर को अग्रिम भुगतान किया जा चुका है।
पिछले वर्ष भी भारत सरकार द्वारा 1.45 लाख गठान नये जूट बारदाने स्वीकृत किये गए थे। इसके विरूद्ध मात्र 1.10 लाख गठान बारदानों की सप्लाई की गई। इसके कारण प्रदेश को धान उपार्जन में काफी कठिनाई हुई थी। इससे पहले 25 नवम्बर को प्रबंध संचालक किरण कौशल द्वारा जूट कमिश्नर, भारत सरकार से मुलाकात कर जूट बारदानों की छत्तीसगढ़ राज्य को की जा रही न्यूनतम आपूर्ति की जानकारी दी गई थी, इसके बावजूद राज्य को 20 दिनों की अवधि में मात्र 28 हजार गठान बारदानों की और सप्लाई की गई है।
छत्तीसगढ़ राज्य को प्रस्तावित कार्ययोजना के अनुसार माह दिसम्बर, 2021 तक 2.14 लाख गठान बारदानों के विरूद्ध आज तक प्रदेश को मात्र 1.22 लाख गठान बारदाने ही प्राप्त हुए है, जो आवश्यकता से बेहद कम है। प्रबंध संचालक ने दिसम्बर माह के लंबित बारदाने को शीघ्र छत्तीसगढ़ राज्य को आपूर्ति किए जाने का आग्रह किया। जूट कमिश्नर, कोलकाता द्वारा नये जूट बारदानों की यथाशीघ्र आपूर्ति के लिए आवश्यक सहयोग किए जाने का भरोसा दिलाया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal