
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाई चरोदा में भाजपा नेताओं के आरोपों पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू ने रमन समेत अन्य भाजपा नेताओं पर करारा हमला किया है। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह द्वारा कांग्रेस पर कमीशनखोरी का आरोप लगाने पर राजेंद्र ने कहा कि ये वही रमन सिंह हैं, जिन्होंने 14 साल तक छत्तीसगढ़ में राज करने के बाद भाजपा नेताओं की बैठक में कहा था कि एक साल के लिए अगर हम कमीशनखोरी बंद कर दें तो अगला चुनाव भी जीत सकते हैं।
राजेंद्र ने कहा कि भाजपा के 15 साल के शासनकाल में कमीशनखोरी और करप्शन का कलंकित इतिहास लिखा गया है। ये वही रमन सिंह हैं जिनके कार्यकाल में मोबाइल घोटाला, चावल घोटाला, रतनबीज घोटाला, अंखफोड़वा कांड, नसबंदी कांड, दवा खरीदी में कमीशनखोरी, डीकेएस सुपर हॉस्पिटल घोटाला जैसे अनगिनत घोटाले हुए। रमन राज में कुपोषित बच्चों को भी नहीं छोड़ा गया। बच्चों को मिलने वाले पौष्टिक आहार के पैकेट में दलिया में भूसा मिलाया गया।
राजेंद्र ने कहा कि रमन सिंह ने राज्य में विकास के कोई काम न होने का आरोप लगाया है। वास्तव में सही मायनों में राज्य का योजनाबद्ध विकास भूपेश सरकार के कार्यकाल में हो रहा है। रमन सिंह के कार्यकाल में सिर्फ कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार किया गया। हर विकास योजना में दलाली खाने के सिवा कोई काम नहीं किया गया। विकास के नाम पर आम जनता के साथ डेढ़ दशक तक छलावा होता रहा।
राजेंद्र ने कहा कि भूपेश सरकार की योजनाएं पूरी तरह पारदर्शी योजनाएं हैं। इन योजनाओं में कमीशनखोरी के लिए कोई जगह ही नहीं है। बिजली बिल हाफ योजना की हर माह करोड़ों रुपए की छूट सीधे उपभोक्ताओं को मिल रही है। किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना जैसी योजनाओं से किसानों, मजदूरों, महिला स्वसहायता समूहों को हजारों करोड़ रुपए का भुगतान सीधे उनके खाते में हो रहा है। भूपेश सरकार ने इन योजनाओं में कहीं पर भी कमीशनखोरी की कोई गुंजाईश नहीं छोड़ी।
एसपी-कलेक्टर की पोस्टिंग के लिए बोली लगने के आरोपों पर राजेंद्र ने कहा कि रमन सिंह अपने कार्यकाल के अनुभव आम जनता के बीच साझा कर रहे हैं। रमन सिंह के राज में किसानों का बोनस डकारा गया। 21 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी नहीं हुई। आदिवासियों के साथ वादाखिलाफी की गई। भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और वादाखिलाफी का इतिहास लिखने वाले रमन सिंह आज किस मुंह से आम जनता से वोट मांग रहे हैं।
राजेंद्र ने कहा कि जुमलेबाजी करने में माहिर भाजपा नेताओं ने हर नागरिक के खाते में 15 लाख रुपए जमा करने, महंगाई कम करने, हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार, 35 रुपए प्रति लीटर की दर से पेट्रोल विक्रय, किसानों की आय दोगुना करने सहित कई जुमले छोड़े लेकिन किसी भी वादे को पूरा नहीं किया। इसी जुमलेबाजी के कारण भाजपा की हार हुई। निकाय चुनाव में भी जुमलेबाज भाजपा की करारी पराजय तय है।
बजमोहन पर भी चले राजेंद्र के तीर
पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के आरोपों पर राजेंद्र ने कहा कि प्रदेश के कृषि मंत्री रहे बृजमोहन अग्रवाल ने किसानों की समृद्धि के लिए कौन सी योजना बनाई। बृजमोहन बताएं कि किसानों को किस योजना का लाभ दिलाया। भिलाई चरोदा की जनता से लगातार संपर्क में होने का झूठा दावा करने वाले बृजमोहन यह भी बताएं कि मंत्री रहते हुए वे कितनी बार भिलाई चरोदा की जनता की सुध लेने आए। खुद को पाक साफ बताने वाले पूर्व मंत्री को उनके कार्यकाल में हुए करोड़ों रुपए के आलू-प्याज-खाद-बीज घोटाले का स्मरण करना चाहिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal