
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
देहरादून / उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में हुए मतदान और यहां के राजनीतिक माहौल को देखने के बाद कांग्रेस में जबर्दस्त उत्साह है। मतगणना के नतीजे 10 मार्च को आएंगे, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने अभी से सरकार बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि पार्टी अब सरकार का ब्लू प्रिंट तैयार कर रही है।
रावत ने कहा है कि संसाधन जुटाने के लिए नए क्षेत्र चिह्नित करने शुरू कर दिए गए हैं। कैबिनेट की पहली बैठक में ही कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। कांग्रेस का घोषणा पत्र ही सरकार का ब्लू प्रिंट है। कांग्रेस को दो काम एक साथ करना है। संसाधन जुटाने हैं और जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करने की प्रक्रिया भी शुरू करना है।
उन्होंने कहा कि हमने चुनाव में लक्ष्य तय किया कि 2017 में हारे हैं, 2022 का चुनाव हर हालत में जीतना है। लक्ष्य निर्धारित करने से ताकत मिलती है। रावत ने एक दिन पहले दिया गया बयान दोहराते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री बनेंगे या फिर घर बैठेंगे। इसके अलावा दूसरा क्या विकल्प है। विधायक दल के नेता के चयन से जुड़े सवाल पर रावत ने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद सत्ता में आने पर हाईकमान को एक प्रस्ताव पारित कर भेजा जाएगा। यह कांग्रेस की परंपरा रही है। हाईकमान जिसे नामित करेगा, वही मुख्यमंत्री होगा।
बता दें कि उत्तराखंड में पिछले पांच साल से भाजपा की सरकार के खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी की खबरें लगातार चल रही हैं। सरकार के कामकाज से नाखुश लोगों की रिपोर्ट भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को मिलने के बाद चुनाव से पहले मुख्यमंत्री भी बदला गया, लेकिन आम जनता की नाराजगी कम नहीं हुई। इसी कारण कांग्रेस को यहां शानदार जीत की उम्मीद है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal