
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा द्वारा राजस्व न्यायालयों में पेंडिंग राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने सभी एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदारों को निर्देश दिये गए हैं। अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने डोंगरगढ़ भ्रमण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डोंगरगढ़ गिरीश कुमार रामटेके के न्यायालय में लंबित अपील व अन्य धारा 145, धारा 133, भू-अर्जन, वृक्ष कटाई सहित अन्य राजस्व प्रकरणों का स्टेटमेंट से मिलान किया। हरेक मद के लंबित प्रकरणों का भौतिक सत्यापन किया।
कई प्रकरणों का लंबे समय से निराकरण न होने और पेशी पर पेशी की तारीख तय होने पर अपर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी प्रकरणों का समय सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिये। तहसीलदार न्यायालय के लंबित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन के लंबित प्रकरणों को अलमारी से निकलवा कर स्टेटमेंट से मिलान किया गया। अतिक्रमण, बंटवारा, अ-70 के कई प्रकरण समय सीमा के भीतर निराकरण न होने का पता चलने पर अपर कलेक्टर ने अभियान चलाकर निराकरण करने के निर्देश दिये।
सामुदायिक भवन और आत्मानंद स्कूल का निरीक्षण किया
अपर कलेक्टर ने भ्रमण के दौरान डोंगरगढ़ में निर्माणाधीन नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का भी स्थल निरीक्षण किया। ठेकेदार को गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के लिए हायर सेकेण्ड्री स्कूल डोंगरगढ़ के रेनोवेशन कार्य का निरीक्षण किया। कांट्रैक्टर ने बताया कि 30 कमरों का रेनोवेशन कार्य शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। शेष 20 कमरे के रेनोवेशन कार्य को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने निर्देश दिये।
डोंगरगढ़ के एसडीएम गिरीश कुमार रामटेके ने बताया कि लायब्रेरी के लिए पुस्तकें, खेल सामग्री, लैब की सामग्री के लिए आर्डर कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम गिरीश कुमार रामटेके, बीएमओ एक्का, बीपीएम डोंगरगढ़ और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, कर्मचारी व कांट्रैक्टर उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal