
- जिमीकंद देने के नाम पर पूर्व पार्षद के सात लाख रुपए डकारे
- अन्य लोगों को भी लगा चुका है करोड़ों का चूना
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग/ नगर निगम, दुर्ग के पूर्व पार्षद व पूर्व नेता प्रतिपक्ष देवकुमार जंघेल ने कोतवाली थाने में मुरमुंदा ग्राम निवासी लिखेश्वर साहू के खिलाफ धारा 420 व 406 तहत जुर्म दर्ज कराया है। उन्होंने शिकायत में कहा है कि आरोपी लिखेश्वर साहू ने उनके साथ 25 सितम्बर 2018 को एक व्यवसायिक सौदा किया था। आरोपी ने नौ रुपए प्रति किलो की दर से 89 टन जिमीकंद बेचने का करार किया और इसकी एवज में सात लाख रू. अग्रिम राशि ली थी। इसका बाकायदा बिक्रीनामा हुआ था।

बिक्रीनामा में आरोपी लिखेश्वर साहू आत्मज गयाराम साहू उम्र 39 वर्ष निवासी ग्राम मुरमुंदा जिला-दुर्ग ने इकरार किया है कि वह नौ रू. किलो की दर से 89 टन जिमीकांदा की बिक्री की एवज में सात लाख रु. प्राप्त कर रहा है। शेष एक लाख रू. वह जिमीकंद की आपूर्ति के बाद प्राप्त करेगा। इकरारनामे में उसने कहा था कि यदि किसी कारणवश वह निर्धारित समय में जिमीकंद की आपूर्ति नहीं कर पाया तो वह अग्रिम में ली गई राशि सात लाख रुपए को वह 12 प्रतिशत ब्याज सहित लौटाएगा।
लिखेश्नवर ने इसके लिए बैंक ऑफ महाराष्ट्र, कुम्हारी शाखा का तीन चेक क्रमांक 15456, 15457 और 15458 देवकुमार जंघेल को दिया था। इसमें क्रमशः तीन लाख, तीन लाख अड़सठ हजार और दो लाख रू. की राशि भरी गई। थी। आरोपी लिखेश्वर साहू निर्धारित तिथि 15 मार्च 2019 को जिमीकंद आपूर्ति कराने में विफल रहा। जब उससे तकादा किया गया तो वह बहानेबाजी करने लगा। इसके बाद देवकुमार जंघेल ने तीनों चेक राशि आहरण के लिए पंजाब नेशनल बैंक शाखा स्टेशन रोड दुर्ग में जमा कर दिये। आरोपी के खाते में राशि न होने के कारण तीनों चेक बाउंस हो गए।
इस मामले में देवकुमार जंघेल ने अपने अधिवक्ता तारेन्द्र जैन के माध्यम से आरोपी को कानूनी नोटिस भेजा, जिसका उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई लेकिन अभी तक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है। जंघेल का कहना है कि आरोपी लिखेश्वर साहू और उसका भाई डोरेलाल साहू इसी तरह और भी कई लोगों से फसल व जमीन बेचने के नाम पर लगभग पांच करोड़ की धोखाधड़ी कर चुके हैं और दुर्ग सहित नंदनी थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके बावजूद उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग रहे हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal